मेरठ एमएलसी चुनाव: योगी ने शिक्षक-स्नातक मतदाताओं से की भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 16 Oct, 2026 05:50 PMनई दिल्ली, 16 अक्टूबर 2026 मेरठ में शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव के प्रचार के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा प्रत्याशियों चंद्र शर्मा और दिनेश गोयल के समर्थन में मतदाताओं से अपील की। उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं, स्वास्थ्य सुविधाओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए दोनों उम्मीदवारों को दोबारा विधान परिषद में भेजने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों और स्नातकों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब भी चंद्र शर्मा और दिनेश गोयल ने शिक्षकों या युवाओं से संबंधित समस्याएं उनके सामने रखीं, उनका तत्काल समाधान किया गया। शिक्षकों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बेसिक, माध्यमिक, उच्च, तकनीकी और चिकित्सा शिक्षा के साथ विश्वविद्यालयों, वित्तपोषित तथा स्ववित्तपोषित संस्थानों में कार्यरत सभी शिक्षकों को यह सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने शिक्षकों को युग निर्माता और राष्ट्र निर्माता बताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में तैयार होने वाली पीढ़ियां देश के निर्माण और प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने और शिक्षा विरोधी होने का आरोप लगाया। सपा की शिक्षा संबंधी नीतियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "समाजवादी पार्टी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली पार्टी है। समाजवादी पार्टी शिक्षा विरोधी है। शिक्षा पे कितना भी बड़ा उपदेश दे, इनका शिक्षा पे उपदेश वैसे ही है जैसे कोई मगरमच्छ नदी के किनारे बैठ करके किसी से कहे कि आओ मेरी पीठ पर, मैं तुम्हें नदी पार करा दूंगा। ये नौका पार कराने वाले नहीं है, ये डुबोने वाले है। शिक्षा की नौका को डुबोने वाली समाजवादी पार्टी, युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली समाजवादी पार्टी पर विश्वास नहीं किया जा सकता।" योगी आदित्यनाथ ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शिक्षक और स्नातक मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि पिछले चुनाव में उन्होंने चंद्र शर्मा और दिनेश गोयल को जीत दिलाई थी। भाजपा ने इस बार भी दोनों को प्रत्याशी बनाया है। मुख्यमंत्री ने मतदाताओं से 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान करने की अपील की। उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान प्रत्याशी के नाम के सामने रोमन लिपि में खड़ी पाई लगानी होगी और मतदान केंद्र पर निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए पेन का ही इस्तेमाल करना होगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि दोनों प्रत्याशी भारी बहुमत से जीतकर उत्तर प्रदेश विधान परिषद पहुंचेंगे और शिक्षकों तथा स्नातकों के हितों के लिए काम करेंगे। उन्होंने मतदाताओं से दोनों उम्मीदवारों को समर्थन देने और उन्हें विजयी बनाने का आग्रह किया।



No Previous Comments found.