मुख्यमंत्री धामी ने गदरपुर स्थित एनडीआरएफ बटालियन का किया दौरा, आपदा प्रबंधन तैयारियों की ली जानकारी
जवानों के साहस और सेवा भावना की सराहना, बोले- आधुनिक तकनीक और बेहतर समन्वय से मजबूत होगा आपदा प्रबंधन तंत्र
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 31 Jul, 2026 09:22 PMगदरपुर (ऊधम सिंह नगर)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को अपने गदरपुर-रुद्रपुर दौरे के दौरान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) बटालियन, गदरपुर का भ्रमण कर अधिकारियों एवं जवानों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने आपदा प्रबंधन की तैयारियों, राहत एवं बचाव कार्यों और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली तथा राज्य के आपदा प्रबंधन तंत्र को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है। ऐसे में एनडीआरएफ की भूमिका आपदा के समय त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ जनजीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन व्यवस्था को आधुनिक, सक्षम और प्रभावी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ के अधिकारियों और जवानों के साहस, अनुशासन और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में भी एनडीआरएफ के जवान मानव जीवन की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हैं। उनका अनुशासन, दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग किया जाए, नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएं तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि राहत एवं बचाव अभियान और अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध ढंग से संचालित हो सकें।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत आधारशिला भी है।
इस अवसर पर एनडीआरएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बटालियन की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों, प्रशिक्षण गतिविधियों और विभिन्न आपदा राहत एवं बचाव अभियानों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडे, शिव अरोरा और त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली एवं विकास शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, एनडीआरएफ कमांडेंट संतोष कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी परमिंदर सिंह, डिप्टी कमांडेंट दीपक भट्ट, राजेंद्र जोशी, अवनीश पुरोहित, मनोज जोशी सहित एनडीआरएफ के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.