भगत सिंह की जयंती पर सीएम योगी की ‘पाती’, युवाओं से ज्ञान, संकल्प और कर्म को जोड़ने का आह्वान
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 28 Sep, 2026 01:03 AMलखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीद भगत सिंह की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं के नाम ‘पाती’ लिखी। मुख्यमंत्री ने लिखा कि 23 वर्ष की अल्पायु में भगत सिंह ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनकी जयंती राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखते हुए अपने संकल्प को नई ऊर्जा देने का अवसर है।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहीद भगत सिंह की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं के नाम ‘पाती’ लिखी। मुख्यमंत्री ने लिखा कि 23 वर्ष की अल्पायु में भगत सिंह ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनकी जयंती राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखते हुए अपने… pic.twitter.com/49Sr03dUjA
— Yugvarta News Agency (@YugvartaNews) September 27, 2026
मुख्यमंत्री ने युवाओं से भगत सिंह के अदम्य साहस और राष्ट्रनिष्ठा से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने लिखा कि जाति-पांति, नशा और अन्य सामाजिक बुराइयों से मुक्ति के लिए युवाओं को भगत सिंह के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।
सीएम योगी ने लिखा कि भगत सिंह हिंदी, उर्दू, पंजाबी और अंग्रेजी समेत कई भाषाओं के ज्ञाता थे। उनके जीवन से ज्ञान को अपनी शक्ति बनाने और सीखने की ललक को जीवित रखने की प्रेरणा मिलती है। ज्ञान जब कौशल से जुड़ता है तो युवा अपनी प्रतिभा को सामर्थ्य में बदलकर अपने सपनों को साकार कर सकता है।
मुख्यमंत्री ने लिखा कि युवाओं को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, उद्यम और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रदेश सरकार सहयोग दे रही है। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी का अवसर मिल रहा है। वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं को उद्यम स्थापित करने और रोजगार सृजन के लिए सशक्त आधार दे रहा है। स्टार्टअप नीति के माध्यम से नवाचार और उद्यमशीलता को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
सीएम योगी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे ज्ञान को कौशल, कौशल को संकल्प और संकल्प को कर्म से जोड़ें। इससे युवाओं के सपनों के साथ प्रदेश की विकास यात्रा को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने लिखा कि युवाओं को उत्तर प्रदेश में उपलब्ध ज्ञान के विस्तृत साधनों का अधिकाधिक सदुपयोग करना चाहिए। हर जनपद में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर आधुनिक पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने युवाओं से पुस्तकों को अपना मित्र बनाने, प्रश्न पूछने, नए विचारों को जानने और अपनी जिज्ञासा को निरंतर जीवित रखने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने लिखा कि एक पुस्तक किसी युवा के जीवन में नया विचार और एक नया विचार पूरे समाज को नई दिशा दे सकता है।
अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं का आह्वान करते हुए लिखा कि आइए, मिलकर ज्ञानवान, संस्कारवान और सामर्थ्यवान उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता



No Previous Comments found.