प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा विकसित भारत का संकल्प, उत्तराखंड बना विकास का मॉडल: मुख्यमंत्री धामी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 8 Jun, 2026 06:00 PMदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र सरकार में लगातार 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर उन्हें तथा देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत का सपना तेजी से साकार हो रहा है तथा देवभूमि उत्तराखंड भी विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ से अधिक पक्के घरों का निर्माण, 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा, 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य सुरक्षा तथा 40 लाख करोड़ रुपये से अधिक के मुद्रा ऋण जैसी योजनाएं देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
उन्होंने कहा कि देश में पेयजल, परिवहन और शहरी बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। वर्ष 2014 तक जहां देश के केवल पांच शहर मेट्रो नेटवर्क से जुड़े थे, वहीं आज यह संख्या बढ़कर 26 हो गई है। मेट्रो रेल नेटवर्क भी कई गुना विस्तारित हुआ है।
वैश्विक मंच पर मजबूत हुआ भारत
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुका है। डिजिटल भुगतान, रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष अनुसंधान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्टार्टअप और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे क्षेत्रों में भारत नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि देश आज न केवल अपनी सुरक्षा जरूरतों को पूरा कर रहा है, बल्कि रक्षा निर्यात के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है।
धामी ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। सेना में महिलाओं को स्थायी कमीशन देने सहित अनेक निर्णयों ने देश की नारी शक्ति को नई पहचान प्रदान की है।
उत्तराखंड को मिला विकास का नया आयाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का जो विजन आकार ले रहा है, उसका प्रत्यक्ष लाभ उत्तराखंड को भी मिला है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है।
उन्होंने बताया कि चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे सहित अनेक राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सितारगंज-टनकपुर, पांवटा साहिब-देहरादून, भानियावाला-ऋषिकेश, काठगोदाम-लालकुआं-हल्द्वानी बाईपास तथा रुद्रपुर बाईपास जैसी महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर भी कार्य जारी है।
रेल और हवाई संपर्क में ऐतिहासिक विस्तार
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तेजी से पूर्णता की ओर बढ़ रही है, जबकि टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन परियोजना को भी स्वीकृति मिल चुकी है। राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जॉलीग्रांट, पंतनगर और पिथौरागढ़ हवाई अड्डों का विस्तार किया गया है। वहीं उड़ान योजना के अंतर्गत प्रदेश में हेलीपोर्ट नेटवर्क का भी विस्तार हो रहा है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।
आध्यात्मिक पर्यटन को मिली नई गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है। पर्वतमाला परियोजना के अंतर्गत केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाएं तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाजनक साबित होंगी।
उन्होंने कहा कि केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम पुनर्विकास परियोजनाओं के साथ मानसखंड मंदिर माला मिशन राज्य की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को नई ऊर्जा प्रदान कर रहे हैं। वहीं जमरानी, सौंग और लखवाड़ जैसी बहुउद्देशीय परियोजनाएं भविष्य में सिंचाई, पेयजल और ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किच्छा में एम्स सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है तथा एम्स ऋषिकेश में देश की पहली हेली एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है, जो आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के अमृतकाल में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित, आत्मनिर्भर और विश्व का मार्गदर्शन करने वाला राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।



No Previous Comments found.