यूपी न्यूज़ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलीं डॉ\. अनीता सोनी, ‘गाड़िया लोहार’ पुस्तक भेंट कर साझा किया सामाजिक और शोध कार्यों का अनुभव

महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के साथ जनजातीय लोककला और विलुप्त होती भाषाओं के संरक्षण के लिए कर रही हैं उल्लेखनीय कार्य

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 27 Nov, 2026 06:58 PM
यूपी न्यूज़ :  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलीं डॉ\. अनीता सोनी, ‘गाड़िया लोहार’ पुस्तक भेंट कर साझा किया सामाजिक और शोध कार्यों का अनुभव

लखनऊ। सामाजिक सरोकारों, महिला सशक्तिकरण और जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय डॉ. अनीता सोनी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को अपनी पुस्तक ‘गाड़िया लोहार’ भेंट की और अपने सामाजिक, शैक्षणिक एवं शोध कार्यों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

मुलाकात के दौरान डॉ. सोनी ने पुस्तक के माध्यम से गाड़िया लोहार समुदाय की सामाजिक-सांस्कृतिक पृष्ठभूमि, पारंपरिक जीवनशैली और अपने अध्ययन एवं अनुभवों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने समाज के वंचित एवं उपेक्षित वर्गों से जुड़े मुद्दों तथा उनकी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की आवश्यकता पर भी अपने विचार साझा किए।

मूल रूप से वाराणसी की रहने वाली डॉ. अनीता सोनी ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। वह विशेष रूप से महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के क्षेत्र में सामाजिक कार्यों से जुड़ी हैं। इसके साथ ही जनजातीय लोककला, पारंपरिक बोलियों और विलुप्त होती भाषाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी निरंतर प्रयासरत हैं।

डॉ. सोनी का शोध कार्य मध्य भारत की पारंपरिक मौखिक ज्ञान परंपराओं और वैदिक ज्ञान के विभिन्न पहलुओं पर केंद्रित है। वह लोकपरंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और पीढ़ियों से मौखिक रूप में संरक्षित ज्ञान को दस्तावेजीकृत करने की दिशा में भी कार्य कर रही हैं।

उनके सामाजिक योगदान और भाषाई-सांस्कृतिक संरक्षण के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया जा चुका है।

डॉ. अनीता सोनी की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से यह मुलाकात सामाजिक विकास, महिला सशक्तिकरण और देश की समृद्ध जनजातीय एवं लोक सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से जुड़े उनके प्रयासों को सामने लाने का महत्वपूर्ण अवसर रही।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.