रेमंड के पूर्व चेयरमैन पद्म भूषण डॉ. विजयपत सिंघानिया का निधन
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 29 Mar, 2026 09:16 AMमुंबई। रेमंड ग्रुप के पूर्व चेयरमैन और पद्म भूषण डॉ. विजयपत सिंघानिया का निधन हो गया। उनके निधन से उद्योग जगत में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शोक जताते हुए कहा कि टेक्सटाइल उद्योग में उनका योगदान और ‘रेमंड – द कम्प्लीट मैन’ की विरासत हमेशा प्रेरित करती रहेगी। परिवार के अनुसार, 29 मार्च को दोपहर 1:30 बजे अंतिम दर्शन और 3 बजे चंदनवाड़ी मुंबई में दाह संस्कार किया जाएगा। कानपुर के मशहूर उद्योगपति परिवार जेके समूह से जुड़े विजयपत सिंघानिया का जन्म 4 अक्टूबर 1938 को हुआ था। उन्हें जमीन से अधिक आसमान आकर्षित करता था। अपने जीवन का अधिकांश समय उन्होंने उद्योग जगत में कार्य करते हुए बिताया और समूह को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, लेकिन उनके भीतर उड़ान का जुनून हमेशा बना रहा। विजयपत सिंघानिया एक लाइसेंसधारी पायलट भी थे और उनके पास निजी विमान भी था, फिर भी उन्हें हॉट एयर बैलून उड़ाना अधिक रोमांचक लगता था। उन्होंने हॉट एयर बैलून से कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड बनाए। वे भारत के पहले व्यक्ति बने, जिन्होंने अकेले हॉट एयर बैलून से विश्व भ्रमण किया। उनकी इस साहसिक उपलब्धि के लिए वर्ष 2006 में तत्कालीन राष्ट्रपति ए. पी. जे. अब्दुल कलाम द्वारा उन्हें पद्मभूषण से सम्मानित किया गया। विजयपत सिंघानिया ने अपने अनुभवों को लेखन के माध्यम से भी साझा किया। वर्ष 1980 में उन्होंने अपनी उड़ानों के अनुभवों पर आधारित पुस्तक An Angel in the Cockpit लिखी। इसके अलावा वर्ष 2021 में उनकी आत्मकथा भी प्रकाशित हुई, जिसे पाठकों ने काफी सराहा। उन्होंने विमानन और बैलूनिंग के क्षेत्र में कई अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए। वर्ष 2005 में जापान के टोक्यो से उड़ान भरते हुए उन्होंने लगभग 69,000 फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया। अपने जीवन के उत्तरार्ध में वे पारिवारिक विवादों को लेकर भी चर्चा में रहे।


No Previous Comments found.