INDIA गठबंधन की बैठक पर शिवराज का हमला, नेताओं की गैरमौजूदगी पर सवाल
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 30 Sep, 2026 10:24 PMनई दिल्ली, 30 सितंबर 2026 भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर निशाना साधते हुए विपक्षी एकजुटता पर सवाल उठाए। उन्होंने कांग्रेस पर चुनावी हार के बावजूद अपनी गलतियों से सबक नहीं लेने का आरोप लगाया। चौहान ने कहा, “मित्रों, एक के बाद एक चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद देश ये सोचता था कि अपनी गलतियों पर जनता से माफी मांगेंगे और आत्मचिंतन करेंगे। लेकिन कांग्रेस ने तय कर रखा है - हम नहीं सुधरेंगे।” उन्होंने आगे कहा, “लगातार कांग्रेस, मल्लिकार्जुन खड़गे जी हो या राहुल गांधी जी हों, अपनी गलतियों पर माफी मांगने के बजाए भ्रम फैला रहे हैं, झूठ बोल रहे हैं, मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं।” INDIA गठबंधन की बैठक का जिक्र करते हुए चौहान ने कई प्रमुख नेताओं की गैरमौजूदगी को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, “आज INDIA गठबंधन की बैठक थी। लेकिन बैठक के पहले ही गठबंधन बिखर गया।” उत्तर प्रदेश में होने वाले चुनावों का हवाला देते हुए उन्होंने अखिलेश यादव की मौजूदगी पर सवाल किया। चौहान ने कहा, “यूपी जैसा राज्य जहाँ चुनाव होने वाले हैं, कहाँ थे अखिलेश यादव? अगर मुद्दा इतना महत्वपूर्ण है तो अखिलेश यादव क्यों नहीं है? कहाँ है स्टालिन? DMK ने तो कह दिया जहाँ कांग्रेस रहेगी वहाँ हम बैठेंगे ही नहीं। कहाँ है अरविंद केजरीवाल? उद्धव ठाकरे फिजिकली नहीं जुड़े वर्चुअली। और हेमंत सोरेन जी का अता-पता नहीं है।” विपक्षी गठबंधन की स्थिति पर तंज कसते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “गठबंधन की हालत ये हो गई है कि - एक दिल के टुकड़े हजार हुए कोई इधर गिरा कोई उधर गिरा।” इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व को लेकर भी दावा किया। चौहान ने कहा, “और सच बात तो ये है कि INDIA गठबंधन राहुल को नेता मानने के लिए तैयार नहीं है। ये अपने आप को स्थापित करने की, रीलॉन्च करने की पचासवीं बार कोशिश, कितनी बार कोशिश करेंगे? गठबंधन तो राहुल जी को नेता मानते ही नहीं है।” शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक का जिक्र करते हुए राहुल गांधी के कथित बयान को भी अपने हमले में शामिल किया। उन्होंने कहा, “लेकिन कांग्रेस की वर्किंग कमेटी की बैठक में राहुल जी कह रहे थे - मुझपे भरोसा करो, मुझ पे भरोसा करो, मुझ पे विश्वास करो। मतलब कांग्रेस को ही राहुल गांधी जी पर भरोसा नहीं है।” चौहान के बयान में कांग्रेस और INDIA गठबंधन की एकजुटता के साथ-साथ राहुल गांधी के नेतृत्व को लेकर भी सवाल उठाए गए।



No Previous Comments found.