अमरनाथ यात्रा पर प्रशासन की अहम अपील

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 3 Jul, 2026 03:15 PM
अमरनाथ यात्रा पर प्रशासन की अहम अपील

श्रीनगर, 3 जुलाई 2026 श्री अमरनाथ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए जम्मू-कश्मीर के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने महत्वपूर्ण सलाह जारी की है। विभाग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार अमरनाथ यात्रा मार्ग पर प्रतिदिन यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की अधिकतम संख्या निर्धारित की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और यात्रा के सुचारु संचालन के लिए इस निर्धारित सीमा का पालन करना अनिवार्य है। विभाग ने बताया कि यात्रा शुरू होने से काफी पहले ही देशभर की विभिन्न बैंक शाखाओं और ऑनलाइन माध्यमों के जरिए एडवांस पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहले से ही अपना पंजीकरण कराकर इस सुविधा का लाभ उठाया है। इसी कारण तत्काल पंजीकरण के लिए उपलब्ध स्लॉट बेहद सीमित हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे एडवांस पंजीकरण कराने के बाद ही जम्मू-कश्मीर पहुंचें, क्योंकि प्रतिदिन बिना पंजीकरण पहुंचने वाले हजारों श्रद्धालुओं को तत्काल श्रेणी में समायोजित करना संभव नहीं है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कई पंजीकृत श्रद्धालु अपनी तय यात्रा तिथि से पहले ही जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे हैं। ऐसे मामलों में किसी भी श्रद्धालु को उसकी पंजीकरण तिथि से पहले यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं, बिना पंजीकरण पहुंच चुके श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने और अपनी बारी का इंतजार करने की अपील की गई है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि निर्धारित प्रक्रिया और प्रतिदिन उपलब्ध क्षमता के अनुसार सभी श्रद्धालुओं को बाबा बर्फानी के दर्शन का अवसर मिलेगा। विभाग ने श्रद्धालुओं से यात्रा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने, जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों का पूरी तरह अनुपालन करने की अपील की है, ताकि यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सभी श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनी रहे। 

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2