2029 तक ‘चिट्टा मुक्त’ होगा पंजाब : अमित शाह
जालंधर में नशे के मुद्दे पर AAP सरकार पर हमला, भाजपा के समर्थन की अपील
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 30 Sep, 2026 09:59 PMकेंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को जालंधर में आयोजित जनसभा के दौरान पंजाब में मादक पदार्थों की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) की भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में प्रतिबंधित मादक पदार्थों के कारोबार को खुले तौर पर चलने दिया गया। अगले वर्ष प्रस्तावित पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा के समर्थन की अपील करते हुए शाह ने कहा कि उनकी पार्टी 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को ‘चिट्टा’ यानी हेरोइन के कारोबार से मुक्त कर देगी। उन्होंने कहा, “क्या ‘आप’ पंजाब को नशा-मुक्त बना सकती है? सिर्फ बीजेपी ही पंजाब को नशा-मुक्त बना सकती है।”
‘नशामुक्त पंजाब के लिए आना परम सौभाग्य’
जालंधर में सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, “जालंधर आना मेरे लिए सौभाग्य की बात है लेकिन जालंधर में नशामुक्त पंजाब के लिए आना मेरे लिए परम सौभाग्य की बात है।” उन्होंने पंजाब के राष्ट्रीय योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजाब देश में दो चीजों के लिए जाना जाता है। पहला, जब भी देश में खाने-पीने की जरूरत पड़ी, तो पंजाब के किसानों ने हमारे गोदामों को भरा और आज भी भर रहे हैं। दूसरा, आजादी से पहले हो या बाद में, जब भी सुरक्षा की बात आई, तो पंजाब का जवाब हमेशा तैयार रहा।
पंजाब के बलिदान को किया याद
अमित शाह ने कहा, “पंजाबियों के बलिदान से न सिर्फ हमें आजादी मिली बल्कि आजादी के बाद भी भारत की सीमाओं की रक्षा के लिए पंजाब ने सबसे ज्यादा बलिदान दिया है।” उन्होंने कहा कि इसी वजह से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पठानकोट से इस यात्रा की शुरुआत की थी। उनके मुताबिक 13 दिनों में 4,000 किलोमीटर और 117 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरने के बाद यह यात्रा जालंधर में समाप्त हो रही है।
‘आगामी चुनाव नशामुक्त पंजाब के मुद्दे पर लड़ेगी भाजपा’
शाह ने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाने की जरूरत इसलिए पड़ी क्योंकि “आम आदमी पार्टी की सरकार ने चिट्टे के व्यापार को खुलेआम चलने दिया।” उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में किसानों, उद्योग, कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा समेत कई मुद्दे होंगे, लेकिन भाजपा यह चुनाव केवल नशामुक्त पंजाब के मुद्दे पर लड़ेगी।
31 दिसंबर 2029 तक चिट्टामुक्त पंजाब का वादा
पंजाब की जनता से अपील करते हुए अमित शाह ने कहा, “आज मैं यहां से पंजाब की माताओं और युवाओं से वादा करके जाता हूं कि इस चुनाव में भाजपा का समर्थन कीजिए, कमल के फूल पर वोट डालिए, 31 दिसंबर 2029 से पहले हम पंजाब को चिट्टे के व्यापार से मुक्त कर देंगे।” उन्होंने कहा, “जब हम वादा कर रहे हैं कि 31 दिसंबर 2029 को पंजाब को चिट्टामुक्त कर देंगे, तो मुझे मालूम है कि केजरीवाल एंड कंपनी क्या कहने वाली है।”
‘जो कहा, वो करके दिखाया’: अमित शाह
अमित शाह ने कहा, “मैं पंजाब की जनता को बताना चाहता हूं कि हमने जो कहा है, वो करके दिखाया है। कश्मीर को आतंकवाद मुक्त करने का काम पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने किया। 50 साल पुरानी नक्सल समस्या को समाप्त करने का काम और पूर्वोत्तर के उग्रवाद को समाप्त करने का काम भी पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने किया और अब बारी है ‘चिट्टा मुक्त पंजाब’ की।”
नशे से प्रभावित परिवारों का किया जिक्र
शाह ने बताया कि वह नशे की लत के कारण जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों से मिलकर आए हैं। उन्होंने कहा, “एक मां अपने दो युवा बेटों की तस्वीर गोद में लेकर कहती है कि इसे बंद करवाओ, मेरे तो नहीं बचे, कम से कम दूसरे के लाल को बचा लो। और इन्हें (आप) शर्म नहीं आती है? जो नशे में धुत होकर गुरुओं का अपमान करे, वो चिट्टे से पंजाब को मुक्त नहीं कर सकता।”
‘क्या दिल्ली शराब घोटाले में पकड़े गए लोग पंजाब को नशामुक्त करेंगे?’
गृह मंत्री ने कहा, “जो दिल्ली में शराब घोटाले में पकड़े गए हों, क्या वो पंजाब को नशा मुक्त कर सकते हैं? आपने कांग्रेस को देखा, आम आदमी पार्टी को देखा। एक मौका पांच साल के लिए भाजपा को दो, हम नशामुक्त पंजाब बनाकर देंगे।” उन्होंने कहा कि भाजपा का यह अभियान राजनीतिक एजेंडा नहीं है, बल्कि पंजाब को बचाने का अभियान है। उन्होंने कहा, “पंजाब में न हम ड्रग बेचने देंगे और न ही भारत के दूसरे राज्यों में सप्लाई होने देंगे।”
देवी तालाब मंदिर में की पूजा-अर्चना
जालंधर पहुंचने के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने श्री देवी तालाब मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने नशे की समस्या से प्रभावित कुछ परिवारों से मुलाकात की। परागपुर में जनसभा को संबोधित करने से पहले शाह ने पंजाबी भाषा में ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि “आप” सरकार के खराब शासन के कारण पंजाब गंभीर मादक पदार्थों की समस्या से जूझ रहा है। उन्होंने भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार को “आपदा” करार दिया।
‘नशे के खिलाफ पंजाब के लोगों को एकजुट कर रही भाजपा’
अमित शाह ने कहा कि पंजाब के लोग मादक पदार्थों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं और इस प्रक्रिया में राज्य के लोगों को एकजुट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की यात्रा पंजाब के हर गांव तक पहुंची, जहां नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाई गई और युवाओं को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
जालंधर में यात्रा के समापन के अवसर पर शाह ने कहा कि वह पंजाब के लोगों से सीधे संवाद करेंगे और मादक पदार्थों की समस्या से प्रभावित परिवारों से मिलकर उनके दुख-दर्द को साझा करेंगे।
18 सितंबर को शुरू हुई थी ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’
भाजपा ने 18 सितंबर को “भाजपा दा नारा, नशा मुकाउना सारा” के नारे के साथ ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ की शुरुआत की थी। मादक पदार्थों के खिलाफ शुरू की गई यह यात्रा पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से होकर करीब 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए मंगलवार को जालंधर पहुंची।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने 18 सितंबर को पठानकोट के एकता स्थल से राज्य में निकाली गई चार मादक पदार्थ-विरोधी यात्राओं में से पहली यात्रा को हरी झंडी दिखाई थी। इसके बाद बीते एक सप्ताह के दौरान कई केंद्रीय मंत्रियों, भाजपा शासित राज्यों के कुछ मुख्यमंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इन यात्राओं में हिस्सा लिया।



No Previous Comments found.