दिल्ली में शुरू हुई यमुना सफारी, CM रेखा गुप्ता ने बताया आस्था और प्रकृति से जुड़ने का नया अनुभव
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 10 Nov, 2026 08:36 PMनई दिल्ली, 10 नवंबर 2026 दिल्ली में यमुना सफारी के उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे मां यमुना के प्रति श्रद्धा और प्रकृति से जुड़ाव का एक नया माध्यम बताया। उन्होंने कहा, "ये विषय कोई एक क्रूज, एक सफारी, एक नाव चलाने का नहीं है। ये विषय है मां यमुना के प्रति हमारी आस्था का, वो प्रेम और समर्पण का विषय है कि आज इस क्रूज के माध्यम से हम मां के नजदीक जा पाएंगे। मां के आंचल में और नजदीक तक देख पाएंगे, महसूस कर पाएंगे।" मुख्यमंत्री ने कहा, "आज प्रकृति इतनी नजदीकी जो दिल्लीवासियों के भाग्य में नहीं लिखी थी, अब से उस भाग्य के द्वार खुल रहे हैं और मां के दर्शन हम रोजाना करेंगे।" उन्होंने बताया कि जिस अनुभव के लिए पहले लोगों को दूसरे शहरों और नदियों तक जाना पड़ता था, अब वह सुविधा दिल्ली में भी उपलब्ध होगी। यमुना सफारी के साथ आकर्षक लाइट एंड साउंड शो और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। यहां बच्चों और बड़ों के लिए विभिन्न सुविधाएं विकसित की गई हैं, जो इस स्थान को पर्यटन के लिहाज से खास बनाएंगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों को इस नई सुविधा का अनुभव लेने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा, "मैं दिल्ली के लोगों को आमंत्रित करती हूं कि वो यहां आएं और सोनिया विहार से जगतपुर तक के इस रूट पर यमुना सफारी करें। अपने बच्चों को मां यमुना के दर्शन कराएं और इसका आनंद लें, शांति से, सुकून के साथ में दिल्ली का वो पॉजिटिव इमेज देखें, जिसके लिए हम लोग तरसते रहे हैं।" यमुना सफारी की शुरुआत से दिल्ली के लोगों को नदी के प्राकृतिक परिवेश के बीच समय बिताने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इसे राजधानी में पर्यटन को नया आकर्षण देने और लोगों को मां यमुना के करीब लाने वाली पहल बताया।


No Previous Comments found.