बृजभूषण शरण सिंह बरी, बेटों ने जताई खुशी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 3 Aug, 2026 06:07 PMदिल्ली, अगस्त 03, 2026 दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने महिला पहलवानों से जुड़े यौन उत्पीड़न मामले में पूर्व भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को राहत देते हुए बरी कर दिया है। अदालत ने WFI के पूर्व सहायक सचिव विनोद तोमर को भी मामले में बरी किया। फैसले के बाद बृजभूषण शरण सिंह के बेटों करन भूषण सिंह और प्रतीक भूषण सिंह की सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया सामने आई। बृजभूषण शरण सिंह के बेटे और सांसद करन भूषण सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “साज़िश हुई नाकाम, सत्य की हुई जीत. पिताजी आदरणीय श्री बृजभूषण शरण सिंह जी बाइज्ज़त बरी हुए. सत्यमेव जयते!" वहीं, दूसरे बेटे प्रतीक भूषण सिंह ने भी X पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने परिवार के साथ खुशी की एक तस्वीर साझा की। अदालत से बाहर आने के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि कोर्ट ने उन्हें और विनोद तोमर को बाइज्जत बरी किया है। उन्होंने कहा कि आरोप लगने के पहले दिन से ही वह खुद को निर्दोष बताते रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं पहले दिन से कह रहा था कि अगर आरोप साबित हो जाएंगे तो मैं खुद ही फांसी पर लटक जाऊंगा. आज कोर्ट ने मुझे बाइज्जत बरी किया है. यह मेरे, मेरे समर्थकों और हमारे वकीलों के लिए खुशी की बात है." फैसले के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने दावा किया कि उनके खिलाफ सुनियोजित साजिश रची गई थी। उन्होंने कहा कि यदि उनके खिलाफ एक भी आरोप साबित हो जाता तो वह सजा भुगतने के लिए तैयार थे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें शुरुआत से खुद पर भरोसा था और अब अदालत के फैसले के बाद उनकी बात सही साबित हुई है। उनके मुताबिक, इस पूरे मामले में कुछ पहलवानों के साथ कई राजनीतिक दल और नेता भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि जो लोग उन्हें पहले दोषी मान रहे थे, उन्हें अब अपने रुख पर विचार करना चाहिए। बातचीत के अंत में उन्होंने कहा, “होइहि सोइ जो राम रचि राखा.”



No Previous Comments found.