नई बेंच ने ली चुटकी, केजरीवाल को पसंद आएंगे जस्टिस मनोज जैन?
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 20 May, 2026 11:29 PMदिल्ली, 20 मई 2026 दिल्ली के कथित शराब नीति मामले की सुनवाई अब दिल्ली हाईकोर्ट की नई बेंच के सामने हो रही है। जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के बाद अब इस मामले की सुनवाई जस्टिस मनोज जैन की बेंच कर रही है। सुनवाई के पहले ही दिन अदालत में एक हल्की टिप्पणी ने पूरे मामले को फिर चर्चा में ला दिया। सुनवाई के दौरान जस्टिस मनोज जैन ने कहा कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और दुर्गेश पाठक के जवाब से ही पता चलेगा कि उन्हें नई बेंच पसंद है या नहीं। यह टिप्पणी इसलिए अहम मानी जा रही है क्योंकि इससे पहले आम आदमी पार्टी के इन नेताओं ने जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की बेंच के सामने पेश होने से इनकार कर दिया था। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और दुर्गेश पाठक ने पहले जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा को पत्र लिखकर कहा था कि उन्हें न्याय की उम्मीद नहीं है, इसलिए वे व्यक्तिगत रूप से या वकीलों के जरिए अदालत में पेश नहीं होंगे। इसके बाद जस्टिस शर्मा ने सोशल मीडिया पर कथित अपमानजनक पोस्ट को लेकर कई आप नेताओं के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू की थी। सीबीआई ने निचली अदालत के उस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी है जिसमें अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत कई आरोपियों को राहत दी गई थी। अब नई बेंच की सुनवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं कि आगे इस हाई प्रोफाइल मामले में अदालत का रुख क्या रहता है।



No Previous Comments found.