मोदी ने देहरादून से दिया संदेश, विकास के लिए प्रगति-प्रकृति-संस्कृति जरूरी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 14 Apr, 2026 05:27 PMदेहरादून, 14 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देहरादून के जसवंत सिंह आर्मी ग्राउंड, गढ़ी कैंट में आयोजित भव्य समारोह में 210 किलोमीटर लंबे दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रगति, प्रकृति और संस्कृति की त्रिवेणी को साथ लेकर चलना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेस-वे उत्तराखंड के विकास, पर्यटन और कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा।
कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री ने गढ़ी कैंट तक लगभग 12 किलोमीटर लंबे रोड शो में हिस्सा लिया और मां डाटकाली मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
अपने संबोधन की शुरुआत प्रधानमंत्री ने बैसाखी और बिहू पर्व की शुभकामनाओं से की। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा भी शुरू होने जा रही है, जिसका देशभर के श्रद्धालु बेसब्री से इंतजार करते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर बनने से चारधाम यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य अपने गठन के 26वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और अब उसकी विकास यात्रा में यह एक्सप्रेस-वे भी शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले उन्होंने कहा था कि इस सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा और आज राज्य उसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उत्तराखंड ने देश को दिखाई नई राह
प्रधानमंत्री ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि केंद्र सरकार के बीते एक दशक के फैसले संविधान की गरिमा बढ़ाने वाले रहे हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और देश में माओवाद कम करने जैसे कदम इसी दिशा में उठाए गए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने समान नागरिक संहिता लागू कर पूरे देश को नई राह दिखाई है।
सड़कें बनेंगी भविष्य की भाग्यरेखा
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज सड़कें, रेलवे, रोपवे और जलमार्ग किसी भी राष्ट्र की भाग्यरेखा बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में इंफ्रास्ट्रक्चर पर दो लाख करोड़ रुपये भी खर्च नहीं हो पाते थे, जबकि अब यह राशि बढ़कर 12 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गई है।
उन्होंने बताया कि अकेले उत्तराखंड में 2.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक की आधारभूत परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। चारधाम महामार्ग परियोजना, रेल परियोजना, केदारनाथ और हेमकुंड रोपवे जैसी योजनाएं राज्य की नई भाग्यरेखा बन रही हैं।
स्पीड और स्केल पर काम कर रहा नया भारत
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत जिस गति और स्तर पर काम कर रहा है, उसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। उन्होंने दिल्ली मेट्रो विस्तार, मेरठ मेट्रो, नोएडा एयरपोर्ट और दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नए भारत की कार्यशैली का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि इस कॉरिडोर से यात्रा समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी, माल ढुलाई सस्ती होगी और किसानों को अपने उत्पाद बड़ी मंडियों तक तेजी से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
उत्तराखंड बन रहा बारहमासी पर्यटन केंद्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार विंटर टूरिज्म, विंटर स्पोर्ट्स और वेड इन उत्तराखंड जैसे अभियानों को बढ़ावा दे रही है, जिससे राज्य बारहमासी पर्यटन की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आदि कैलाश और ओम पर्वत क्षेत्र में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है, वहीं शीतकालीन यात्रा में भी बड़ी वृद्धि दर्ज की गई है।
प्रकृति संरक्षण पर भी जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों से वन्यजीवों को कोई नुकसान न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसी सोच के तहत दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर बनाया गया है।
उन्होंने लोगों से देवभूमि उत्तराखंड को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यहां प्लास्टिक और कूड़ा फैलाना इसकी पवित्रता को ठेस पहुंचाता है।
महिलाओं को मिलेगा पूरा अधिकार
प्रधानमंत्री ने कहा कि संसद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित कर लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि इसे जल्द लागू किया जाना चाहिए ताकि 2029 के चुनावों में आधी आबादी को पूरा हक मिल सके।
सैनिकों के सम्मान का जिक्र
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की सैन्य परंपरा का उल्लेख करते हुए शहीद जसवंत सिंह रावत को नमन किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने वन रैंक वन पेंशन लागू कर पूर्व सैनिकों के खातों में 1.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक राशि पहुंचाई है, जिसका लाभ उत्तराखंड के हजारों परिवारों को मिला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार देशभक्ति, देवभक्ति और विकास को साथ लेकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जुटी है।


No Previous Comments found.