मलेरिया उन्मूलन के लिए गांव-गांव तक पहुंचे वैज्ञानिकों की उपलब्धियां: राष्ट्रपति मुर्मू
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 17 Nov, 2026 05:18 PMनई दिल्ली, 17 नवंबर 2026 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मलेरिया उन्मूलन के लिए देशभर में निरंतर और प्रभावी प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि मलेरिया आज भी कुछ क्षेत्रों में चुनौती बना हुआ है। ऐसे में बीमारी की समय पर जांच, उपचार, निगरानी और मच्छरों पर नियंत्रण के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है। राष्ट्रपति ने वैज्ञानिकों के शोध और उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाने की आवश्यकता भी बताई। मलेरिया की रोकथाम के लिए नई दवाओं और टीकों के विकास के साथ जनजागरूकता तथा लोगों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए राष्ट्रपति ने कहा, “मुझे लगता है आज जो वैज्ञानिकों ने अनुसंधान के द्वारा उपलब्धि की है, उसको गांव-गांव तक, जिस-जिस चीज में जहां आवश्यकता है, उसमें ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है और मुझे लगता है ये मलेरिया उन्मूलन हो सकेगा। साथ ही malaria की नई दवाई और टीकों के विकास के लिए अनुसंधान और सबसे बढ़कर जन-जागरूकता तथा लोगों की भागीदारी मिले, या उन्मूलन के लिए महोत्सव, जैसे मैं कह रही थी, इसका कोर्स क्या है? इसको खत्म करना है, कोर्स कंप्लीट करना है।” उन्होंने ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी की कमी का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों को बीमारी, उसके उपचार और बचाव के तरीकों के बारे में सही ढंग से समझाना जरूरी है। राष्ट्रपति ने कहा, “इस दिशा में भी लोग आज भी उस एरिया में रहते हैं जहां शिक्षा की उपलब्धि नहीं है, बहुत सारी चीजें उनके पास नहीं हैं। इसीलिए जो कोई रोगी बीमारी लेकर आते हैं, उनको सही तरह से समझना चाहिए। आपको एक वर्ष कंप्लीट करना है तो ये मलेरिया आपसे छूटेगा। इस चीज को उनको समझाना चाहिए।” उन्होंने यह भी आगाह किया कि जलवायु परिवर्तन, अनियोजित शहरीकरण और मच्छरों में कीटनाशकों के प्रति बढ़ती प्रतिरोधक क्षमता मलेरिया उन्मूलन की राह में नई चुनौतियां खड़ी कर सकती हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि मलेरिया के प्रसार को रोकने के लिए केवल स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। इसके लिए जलभराव रोकने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म करने और पर्यावरण प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि नीति-निर्माता और वैज्ञानिक समुदाय इस दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। उनके मुताबिक, मलेरिया उन्मूलन का लक्ष्य हासिल करने के लिए वैज्ञानिक प्रयासों के साथ जनजागरूकता और सामूहिक भागीदारी भी जरूरी है।


No Previous Comments found.