राष्ट्रपति मुर्मु ने लिकटेंस्टाइन के राजकुमार एलोइस और राजकुमारी सोफी का किया स्वागत
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 28 Oct, 2026 08:13 PMनई दिल्ली, 28 अक्टूबर 2026 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 27 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपति भवन में लिकटेंस्टाइन के वंशानुगत राजकुमार एलोइस और राजकुमारी सोफी का स्वागत किया। इस अवसर पर उनके सम्मान में भोज का आयोजन भी किया गया। इस मुलाकात का उद्देश्य दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों और आर्थिक सहयोग को और मजबूत करना रहा। राष्ट्रपति मुर्मु ने व्यापार, निवेश, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) के बीच हुए व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते (टीईपीए) को आर्थिक संबंधों के विस्तार के लिए अहम बताया। इस समझौते के तहत 15 वर्षों में भारत में 100 अरब डॉलर के निवेश और 10 लाख प्रत्यक्ष रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में उन्नत विनिर्माण, वित्तीय प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि अनुसंधान और सतत बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में साझेदारी की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। राष्ट्रपति मुर्मु ने भारत की कुशल कार्यशक्ति और व्यापक बाजार के साथ लिकटेंस्टाइन की तकनीकी विशेषज्ञता को जोड़कर आपसी सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं को रेखांकित किया। इस मुलाकात से दोनों देशों के संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद है।



No Previous Comments found.