खिताब भारत का, लेकिन नकवी से ट्रॉफी लेने से महिला टीम का इनकार

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 14 Sep, 2026 02:00 PM
खिताब भारत का, लेकिन नकवी से ट्रॉफी लेने से महिला टीम का इनकार

नई दिल्ली,14 सितंबर 2026 भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2026 के फाइनल में श्रीलंका को 72 रनों से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम कर लिया। टीम ने पूरे मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा और पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 183 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 111 रन पर सिमट गई। हालांकि, मैदान पर मिली इस शानदार जीत के बाद पुरस्कार समारोह में ट्रॉफी को लेकर एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव की झलक देखने को मिली। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि भारतीय महिला टीम ने भी एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार किया। उन्होंने कहा, “एशिया कप में ट्रॉफी एक विवादित मुद्दा है। हमारी पुरुष टीम ने एशिया कप जीता था। हालांकि, अप्रैल 2025 की पहलगाम घटना के बाद हालात पूरी तरह बदल गए। इसके बाद देश के नागरिकों का हम पर दबाव था कि हमें पड़ोसी देश के साथ कोई संबंध नहीं रखना चाहिए और न ही उनके साथ क्रिकेट खेलना चाहिए। मगर हमारी सरकार की नीति है कि मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में हमें हर देश के खिलाफ खेलना ही होगा। इसी पॉलिसी को फॉलो करते हुए हम मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में हर टीम के खिलाफ खेल रहे हैं।” सैकिया ने आगे कहा, “इसी को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई हर मल्टीनेशनल टूर्नामेंट के लिए अपनी टीम भेज रही है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हम सारी कंडिशंस मान लेंगे। जिस देश के साथ हमारे रिश्ते पहले से खराब हैं और अप्रैल 2025 से और भी ज्यादा बिगड़ गए हैं, इसके साथ ही जिस देश के साथ अभी भी हमारा ऑपरेशन चालू है उस देश के मुख्य लीडर में से एक, जो हमारे देश के खिलाफ काम कर रहा है, उससे हम ट्रॉफी नहीं ले सकते हैं। डेढ़ साल पहले भारतीय पुरुष टीम ने एशिया कप का खिताब जीतने के बाद ट्रॉफी लेने से मना कर दिया था। इसी को जारी रखते हुए हमारी महिला टीम ने भी मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी नहीं लेने का फैसला किया।” देवजीत सैकिया ने भारतीय महिला टीम के पूरे टूर्नामेंट में प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम ने प्रतियोगिता के दौरान जबरदस्त खेल दिखाया और अपने सभी मुकाबले एकतरफा अंदाज में जीते। फाइनल में 183 रन बनाने के बाद भारत ने श्रीलंका को केवल 111 रन पर रोककर 72 रन की बड़ी जीत दर्ज की। सैकिया ने टीम की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि देश में महिला क्रिकेट तेजी से उभर रहा है और यह खिताबी सफलता उसी बढ़ते प्रभाव को दर्शाती है। 

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2