मुंबई फिल्म सिटी में भीषण आग, दो बड़े शो के सेट खाली कराए गए

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 5 Oct, 2026 09:58 PM
मुंबई फिल्म सिटी में भीषण आग, दो बड़े शो के सेट खाली कराए गए

मुंबई, 05 अक्टूबर 2026 मुंबई की फिल्म सिटी में सोमवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, आग ‘पति पत्नी और पंगा 2’ और ‘एमटीवी हसल 5’ के सेट के बाहरी हिस्से में लगी। कुछ ही समय में आग तेजी से फैल गई और मौके पर काले धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें सेट का एक हिस्सा आग की लपटों से घिरा नजर आ रहा है। फिल्म सिटी में उस दौरान कई टीवी शोज और फिल्मों की शूटिंग चल रही थी, इसलिए आग की खबर सामने आते ही वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक इस हादसे में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। सामने आए वीडियो में लोग घटनास्थल से सुरक्षित दूरी पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। आग को लेकर ‘पति पत्नी और पंगा 2’ की टीम ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में बताया कि आग उनके सेट के बाहरी हिस्से में लगी थी। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त वहां कोई शूटिंग नहीं चल रही थी और पूरा सेट खाली था। वहीं, ‘एमटीवी हसल 5’ की टीम ने बताया कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय सेट पर शो के ग्रैंड फिनाले की शूटिंग चल रही थी और सभी आर्टिस्ट वहां मौजूद थे। हालांकि, आग लगते ही मुस्तैदी दिखाते हुए पूरे सेट को तुरंत खाली करा लिया गया। टीम ने पुष्टि की है कि सभी कलाकार और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं और इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। फिलहाल आग लगने के असली कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और संबंधित टीमें स्थिति पर काबू पाने के बाद पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। ‘पति पत्नी और पंगा 2’ कपल रियलिटी शो का दूसरा सीजन है, जिसमें टीवी जगत के चर्चित सितारे अपने पार्टनर्स के साथ नजर आ रहे हैं। इस सीजन को सोनाली बेंद्रे और मुनव्वर फारुकी होस्ट कर रहे हैं। वहीं, हिप-हॉप रियलिटी शो ‘हसल 5’ भी नए सीजन के साथ दर्शकों के बीच है। रैपर बादशाह इस सीजन में ‘रैप सुप्रीम’ की कुर्सी संभाल रहे हैं, जबकि ईपीआर, एमसी स्क्वायर, पैराडॉक्स और एग्सी जैसे रैपर्स भी शो का हिस्सा हैं। 

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

kitkat ad