भाजपा का बल सरकार नहीं, संगठन है; कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत : राजनाथ सिंह

हरिद्वार में भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में रक्षा मंत्री ने कार्यकर्ताओं को दिए संगठन मजबूती के नौ सूत्र, बोले- भाजपा की असली ताकत सरकार नहीं, संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 22 Nov, 2026 07:49 PM
भाजपा का बल सरकार नहीं, संगठन है; कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत : राजनाथ सिंह

हरिद्वार। केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा का कमल लगातार कमाल कर रहा है और पार्टी प्रदेश में तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत सरकार नहीं, बल्कि उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन की सक्रियता और कार्यकर्ताओं का उत्साह ही पार्टी की निरंतर सफलता का आधार है। हिमालय की तरह अडिग धामी सरकार और मां गंगा की अविरल धारा की तरह आगे बढ़ता उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

रविवार को हरिद्वार में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती, वैचारिक प्रतिबद्धता, जनसेवा और आपसी एकजुटता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहने के बावजूद संगठन उतना ही सक्रिय और जीवंत रहना चाहिए, जितना विपक्ष में रहते हुए होता है। सांसद, विधायक और मंत्री बनने के बाद भी जनप्रतिनिधियों की संगठन के प्रति जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा का संगठन देवदार के विशाल वृक्ष की तरह मजबूत और गहरी जड़ों वाला है। लगातार दो बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनना कार्यकर्ताओं के परिश्रम और संगठन की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकास कार्यों और जनता के विश्वास के आधार पर भाजपा वर्ष 2027 में जीत की हैट्रिक लगाएगी।

कार्यकर्ताओं को दिए संगठन मजबूती के नौ सूत्र

रक्षा मंत्री ने अपने राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए नौ महत्वपूर्ण सूत्र दिए। उन्होंने कहा कि संगठन का वास्तविक बल उसके कार्यकर्ता हैं और प्रत्येक जनप्रतिनिधि को मंडल, जिला और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद बनाए रखना चाहिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपदा, दुर्घटना और संकट के समय सबसे पहले प्रभावित लोगों की सहायता के लिए पहुंचने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता समाज का फर्स्ट रिस्पॉन्डर बने। डिजिटल युग में सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग करने के साथ ही इसे जनता की समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को समझने का माध्यम भी बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि राजनीति में व्यक्तिगत हमलों और अमर्यादित भाषा से बचते हुए तथ्यों के आधार पर संवाद करना चाहिए। युवाओं को संगठन से जोड़कर उन्हें नेतृत्व के अवसर देने, विपक्ष के आरोपों और दुष्प्रचार का तथ्यात्मक जवाब देने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को नैतिकता, अनुशासन और ईमानदारी बनाए रखने की भी नसीहत दी। उन्होंने कहा कि पार्टी की छवि उसके प्रत्येक कार्यकर्ता के आचरण से बनती है। पद और व्यक्तिगत अपेक्षाओं से ऊपर उठकर संगठन की एकजुटता को सर्वोपरि रखना चाहिए। छोटी-छोटी बातों के कारण संगठन की एकता प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

राष्ट्र प्रथम और अंत्योदय भाजपा की वैचारिक पहचान

राजनाथ सिंह ने भाजपा की वैचारिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का एक देश में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान नहीं होने का संकल्प तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद पार्टी की वैचारिक नींव हैं। एकात्म मानववाद व्यक्ति के शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के समग्र विकास की अवधारणा पर आधारित है।

उन्होंने कहा कि भाजपा अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी के लिए सत्ता कभी साध्य नहीं रही, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के 20 से अधिक राज्यों में एनडीए की सरकारें होना पार्टी की व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाता है।

रक्षा मंत्री ने स्वच्छ भारत अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने पुलवामा आतंकी हमले के बाद आतंकवाद के विरुद्ध भारत की कार्रवाई को राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति मजबूत नेतृत्व और दृढ़ इच्छाशक्ति का उदाहरण बताया।

धामी सरकार के फैसलों और विकास कार्यों की सराहना

राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने विकास के साथ राज्य की सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।

उन्होंने उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य बनने, समान नागरिक संहिता लागू करने, कठोर नकल विरोधी कानून बनाने, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा नियंत्रण कानून जैसे फैसलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन निर्णयों के लिए दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति और जनहित को सर्वोपरि रखने का साहस आवश्यक है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश और उद्योगों का विस्तार हो रहा है। स्टार्टअप की बढ़ती संख्या यह दर्शाती है कि उत्तराखंड का युवा अब केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला भी बन रहा है। उन्होंने सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने, सड़क और रेल कनेक्टिविटी के विस्तार तथा केदारनाथ-बदरीनाथ धाम में विकास कार्यों को भी प्रदेश की बदलती तस्वीर का हिस्सा बताया।

उन्होंने महिला सशक्तिकरण के प्रयासों, सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान के लिए उठाए गए कदमों तथा शहीद सैनिकों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में वृद्धि की सराहना की। देहरादून के गुन्नियाल गांव में निर्माणाधीन सैन्य धाम को उन्होंने सैनिकों के सम्मान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।

धामी बोले- 2027 में भाजपा लगाएगी जीत की हैट्रिक

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद से देश में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखकर ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने राजनाथ सिंह की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश की सुरक्षा एवं सामरिक सामर्थ्य को नई मजबूती मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड की डबल इंजन सरकार ने विकास की नई इबारत लिखी है। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन और लखपति दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले नकल माफिया के विरुद्ध देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं, जबकि नकल माफिया के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक आरोपियों को जेल भेजा गया है।

मुख्यमंत्री ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना और मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के दैनिक भोजन भत्ते को 250 रुपये से बढ़ाकर 480 रुपये प्रतिदिन किया गया है, जिससे उन्हें बेहतर पोषण और प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकें।

₹3.56 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, एक लाख करोड़ से अधिक धरातल पर

धामी ने कहा कि उत्तराखंड इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से प्रदेश को 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। इससे उद्योगों के विस्तार, रोजगार सृजन और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।

उन्होंने लखवाड़, सौंग, जमरानी और किसाऊ जैसी बहुउद्देशीय बांध परियोजनाओं को प्रदेश की जल सुरक्षा, पेयजल उपलब्धता, सिंचाई और ऊर्जा जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी, पर्यटन और आधारभूत ढांचे के विकास में तेजी आई है।

चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 की यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह बेहतर यात्रा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और धार्मिक पर्यटन के विस्तार का परिणाम है।

आपदा प्रबंधन और सांस्कृतिक विरासत पर भी रखी बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के समय केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित किए गए। प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने, सड़क और संपर्क व्यवस्था बहाल करने तथा जनजीवन सामान्य बनाने के लिए सरकार ने तत्परता से काम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने भी हर चुनौती के समय उत्तराखंड को आवश्यक सहयोग और संसाधन उपलब्ध कराए हैं।

उन्होंने कहा कि देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान और मूल स्वरूप को सुरक्षित रखने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। अवैध अतिक्रमण और नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे मदरसों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है। प्रदेश में प्रत्येक संस्थान का संचालन निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाएगा।

विपक्ष पर साधा निशाना, कार्यकर्ताओं से जन-जन तक पहुंचने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास सरकार के विकास कार्यों का जवाब देने के लिए ठोस तथ्य नहीं हैं। इसलिए वह अफवाहों और दुष्प्रचार के माध्यम से जनता को भ्रमित करने का प्रयास करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और वास्तविक तथ्यों के आधार पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देने को कहा।

धामी ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के योगदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए राहुल गांधी की ओर से उनके संबंध में की गई टिप्पणियों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। वहीं, समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहे जाने पर भी कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सैनिकों, राष्ट्रभक्तों और मेहनतकश नागरिकों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की नीतियों पर लगातार विश्वास जताया है। उत्तराखंड में भी जनता ने हर चुनाव में भाजपा को समर्थन दिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनता के आशीर्वाद से भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाते हुए बड़े बहुमत से सरकार बनाएगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने, जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने तथा संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने का आह्वान किया। बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.