विदेश में भारत को बदनाम करना बंद करें राहुल गांधी', किरेन रिजिजू ने दी दो नसीहतें
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 20 Nov, 2026 08:46 PMनई दिल्ली, 20 नवंबर 2026 केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विदेश में दिए गए बयानों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब विदेश की धरती से भारतीय अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र पर सवाल उठाते हैं, तो यह बेहद आपत्तिजनक है। रिजिजू के मुताबिक, नेता प्रतिपक्ष के पद पर बैठे व्यक्ति से देश के प्रति जिम्मेदार रवैये की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने राहुल गांधी के अर्थव्यवस्था को मृत बताने वाले बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि IMF, विश्व बैंक और दुनिया के तमाम वित्तीय संस्थान भारत को सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था मान रहे हैं, लेकिन राहुल गांधी इसके उलट तस्वीर पेश कर रहे हैं। रिजिजू ने भारत में लोकतंत्र और वोट चोरी को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणियों पर भी पलटवार किया। उन्होंने सवाल किया कि यदि देश में लोकतंत्र नहीं है, तो राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा और सरकार के खिलाफ अपनी बात कैसे रख पा रहे हैं? उन्होंने कहा कि भारत में आम नागरिक से लेकर राजनीतिक नेताओं तक को सोशल मीडिया और दूसरे मंचों पर खुलकर अपनी राय रखने की आजादी है। ऐसे में देश में लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता नहीं होने का दावा करना अपने आप में विरोधाभासी है। रिजिजू ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपने बयानों से न केवल खुद को, बल्कि अपनी पार्टी और पूरे विपक्ष को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने गरीबी उन्मूलन के मुद्दे पर भी कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने IMF के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि 2011 से 2023 के बीच भारत में 50 करोड़ से अधिक लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं। रिजिजू ने इसे भारत की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक 'गरीबी हटाओ' के नारे पर राजनीति की और कई बार सत्ता हासिल की, लेकिन उसके शासनकाल में गरीबी दूर नहीं हो सकी। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत गरीबी उन्मूलन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है और अब विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। रिजिजू ने राहुल गांधी को दो सुझाव देते हुए कहा कि उन्हें देश में लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी पर सवाल उठाना बंद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह नहीं भूलना चाहिए कि उन्हें देश में सरकार की आलोचना करने और अपनी बात रखने की पूरी स्वतंत्रता मिली हुई है। दूसरी ओर, भारतीय अर्थव्यवस्था को मृत बताने से बचने की सलाह देते हुए रिजिजू ने कहा कि आज भारत दुनिया की प्रमुख आर्थिक विकास शक्तियों में शामिल है। उन्होंने सवाल किया कि देश की उपलब्धियों को नकारकर और विदेश में भारत की छवि खराब करके राहुल गांधी आखिर क्या साबित करना चाहते हैं।


No Previous Comments found.