वाराणसी-छेहरटा के बीच चलेगी 'संत रविदास एक्सप्रेस', रेलवे बोर्ड ने दी नई ट्रेन को मंजूरी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 11 Jul, 2026 11:22 PMलखनऊ, 11 जुलाई 2026 वाराणसी और पंजाब के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहतभरी खबर सामने आई है। रेलवे बोर्ड ने छेहरटा (अमृतसर के निकट) और वाराणसी कैंट स्टेशन के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू करने को मंजूरी दे दी है। पंजाब रेल के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, इस ट्रेन का नाम महान समाज सुधारक एवं संत गुरु रविदास जी के सम्मान में 'संत रविदास एक्सप्रेस' रखा गया है। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ दोनों राज्यों के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। हालांकि, रेलवे ने अभी इसके संचालन की तारीख घोषित नहीं की है। ट्रेन संख्या 14623 वाराणसी-छेहरटा संत रविदास एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार, गुरुवार और शनिवार को शाम 7:50 बजे वाराणसी कैंट से रवाना होगी। यह रात 12:10 बजे लखनऊ पहुंचेगी और अगले दिन शाम करीब 4:35 बजे अमृतसर पहुंचेगी। इसके बाद शाम 5:10 बजे यह अपने अंतिम स्टेशन छेहरटा पहुंचेगी। वहीं, वापसी में 14624 छेहरटा-वाराणसी संत रविदास एक्सप्रेस बुधवार, शुक्रवार और रविवार को दोपहर 2:05 बजे छेहरटा से रवाना होगी, 2:25 बजे अमृतसर पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 7:25 बजे लखनऊ होते हुए दोपहर 12:15 बजे वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचेगी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन का ठहराव पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। सफर के दौरान ट्रेन अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सुलतानपुर और जौनपुर सिटी समेत कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। रेलवे ने इस ट्रेन के लिए दो एलएचबी रैक की आधुनिक बोगियां शामिल की हैं, जिससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।



No Previous Comments found.