कांग्रेस के चुनाव आयोग पर सवालों के बीच स्मृति ईरानी का पलटवार, पूछा- डुप्लीकेट नाम क्यों चाहती है पार्टी?
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 29 Sep, 2026 11:04 PMनई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी पिछले कुछ समय से चुनावी प्रक्रिया और चुनाव आयोग को लेकर लगातार सवाल उठा रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए पार्टी की ओर से कई गंभीर आरोप और सवाल सामने रखे गए हैं। इसी बीच बीजेपी की राष्ट्रीय महासचिव और वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने और चुनावी हार की समीक्षा के बजाय चुनाव आयोग पर सवाल उठाने का आरोप लगाया।
‘मोदी की छवि खराब करने का प्रयास किया गया’
स्मृति ईरानी ने कहा, “साल 2019 में कांग्रेस पार्टी के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा था कि वह नरेंद्र मोदी की इमेज को खराब करने का भरसक प्रयास करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन पर हमला करें। लेकिन कांग्रेस का हमला भारत के लोकतंत्र पर और संवैधानिक संस्थाओं पर हमले में तब्दील ना हो। कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व भारत की संवैधानिक व्यवस्थाओं को तार-तार करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा।”
चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस पर निशाना
उन्होंने कहा, “आज पार्टी के नेतृत्व ने कहा कि चुनाव आयोग को प्रश्नों के दायरे में लाने के लिए उनके कार्यकर्ताओं का महिमामंडन उनके माध्यम से हुआ। चुनाव आयोग भारत के लोकतंत्र का मान है। इसे दुनिया के कई देशों ने सराहा है। कांग्रेस पार्टी को यह दुख है कि आज लोकतांत्रिक ढांचे में जनता उनका समर्थन नहीं करती है। इसी वजह से वह चुनाव आयोग पर हमला कर रही है। वह अपनी हार की समीक्षा नहीं कर रही है।”
हिमाचल, पंजाब, केरल और कर्नाटक का किया जिक्र
स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेतृत्व से सवाल करते हुए कहा, “सवाल यह उठता है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, केरल और कर्नाटक जैसे राज्यों में भारतीय जनता पार्टी सत्ता में नहीं है। क्या कांग्रेस नेतृत्व उन प्रदेशों में चुनाव आयोग को क्लीन चिट दे रहा है या वहां भी आयोग की गतिविधियों पर सवाल उठा रहा है?”
उन्होंने आगे कहा, “कांग्रेस के नेतृत्व ने आज उल्लेख किया उन 13 करोड़ 30 लाख नामों का, जिनके संदर्भ में चुनाव आयोग अपना बयान दे चुका है।”
‘डुप्लीकेट नाम वोटर लिस्ट में क्यों चाहती है कांग्रेस?’
स्मृति ईरानी ने मतदाता सूची में डुप्लीकेट और मृत व्यक्तियों के नामों को लेकर भी कांग्रेस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “अगर वोटर लिस्ट में कोई नाम डुप्लीकेट के तौर पर दिखता है या किसी मृत व्यक्ति का नाम वोटर लिस्ट में आता है, तो कांग्रेस पार्टी उसे बहाल क्यों करवाना चाहती है? कांग्रेस पार्टी क्यों चाहती है कि वोटर लिस्ट में डुप्लीकेट नाम बने रहें?”
उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग ने अपने प्रेस नोट में स्पष्ट किया है कि BLO उन लोगों के घर जाएंगे, जिन्हें SIR का नोटिस जारी हुआ है। फिर भी कांग्रेस पार्टी यह क्यों सुनिश्चित करना चाहती है कि वोटर लिस्ट में डुप्लीकेट नाम बने रहें?”

No Previous Comments found.