‘रील नहीं, रियल पर काम करे युवा’: नितिन नबीन ने बंगाल के युवाओं से कहा- शॉर्टकट छोड़ें, धैर्य और निरंतरता से बनाएं भविष्य

कोलकाता के ‘युवा संवाद’ में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने खेल, कला-संस्कृति को शिक्षा से जोड़ने, सोशल मीडिया की नकारात्मकता से बचने और रोजगार के नए अवसरों पर दिया जोर

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 28 Sep, 2026 06:47 PM
‘रील नहीं, रियल पर काम करे युवा’: नितिन नबीन ने बंगाल के युवाओं से कहा- शॉर्टकट छोड़ें, धैर्य और निरंतरता से बनाएं भविष्य

कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से जीवन में शॉर्टकट से बचने और धैर्य, निरंतरता तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी दिखावे की ‘रील’ से अधिक वास्तविकता यानी ‘रियल’ पर भरोसा करती है और यही वास्तविकता उसे आगे बढ़ने की ताकत दे सकती है।

नितिन नबीन ने कहा कि पश्चिम बंगाल की पहचान खेल, कला, साहित्य और संस्कृति की समृद्ध परंपरा से रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि नई शिक्षा नीति के तहत राज्य के स्कूलों में खेल, कला और संगीत को केवल गतिविधियों तक सीमित न रखकर अतिरिक्त विषयों के रूप में शामिल किया जाना चाहिए और इन्हें वोकेशनल कोर्स की तरह मार्किंग सिस्टम से जोड़ा जाना चाहिए। उनके अनुसार, इससे विद्यार्थी इन क्षेत्रों को गंभीरता से लेंगे और अपनी प्रतिभा को विकसित करने के अवसर पाएंगे।

सोशल मीडिया की नकारात्मकता से बचने पर जोर

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के कारण बच्चों का मैदानों और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ाव कम हुआ है। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर दिखाई जाने वाली नकारात्मकता से बचने और अपनी पसंद को खेल जैसी सकारात्मक गतिविधियों की ओर केंद्रित करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति बड़ा खिलाड़ी या कलाकार नहीं बन सकता, लेकिन खेल, कला और अन्य एक्स्ट्रा करिकुलर गतिविधियों में भागीदारी से युवाओं में सकारात्मकता और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।

‘जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बने युवा’

नितिन नबीन ने पश्चिम बंगाल में रोजगार और निवेश के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 से 15 वर्षों में राज्य में 6,700 से अधिक कंपनियां बंद हुई हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बड़ी कंपनियों के साथ संवाद कर रही है और निवेश के अनुकूल वातावरण बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल ‘जॉब सीकर’ नहीं, बल्कि ‘जॉब क्रिएटर’ है। नबीन ने स्टार्टअप योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में 2.5 लाख से अधिक स्टार्टअप और 125 से 130 से अधिक यूनिकॉर्न काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के युवाओं में भी उद्यमिता और नए अवसर पैदा करने की क्षमता मौजूद है।

ईडन गार्डन्स में भारत-ब्राजील मैच का किया उल्लेख

खेलों को लेकर नितिन नबीन ने कहा कि पश्चिम बंगाल का खेलों से पुराना और गौरवशाली संबंध रहा है। उन्होंने ईडन गार्डन्स में भारत और ब्राजील के मैच का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से अधिक से अधिक युवाओं को यह मैच दिखाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि राज्य में फुटबॉल और क्रिकेट समेत सभी खेलों के गौरवशाली इतिहास को फिर से आगे बढ़ाने की जरूरत है।

क्लबों को खेल और संस्कृति के केंद्र बनाने की बात

नितिन नबीन ने बंगाल की पारंपरिक ‘क्लब हाउस’ व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन क्लबों को कला, साहित्य और खेलों के पुनर्जागरण का केंद्र बनाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अतीत में क्लबों के गलत इस्तेमाल की शिकायतें रही हैं, लेकिन अब इन्हें सकारात्मक सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने की जरूरत है।

‘जीवन 100 मीटर की रेस नहीं, लॉन्ग रन है’

युवाओं को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जीवन को 100 मीटर की रेस के बजाय ‘लॉन्ग रन’ की तरह देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक सफलता या असफलता से जीवन समाप्त नहीं होता और असफलता भविष्य की सफलता की कुंजी बन सकती है।

उन्होंने युवाओं से धैर्य और निरंतरता के साथ अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को शॉर्टकट से बचना चाहिए और अपने भविष्य के निर्माण के लिए लगातार प्रयास करते रहना चाहिए।

चुनाव आयोग के मुद्दे पर ममता बनर्जी पर निशाना

कार्यक्रम से पहले मीडिया से बातचीत में नितिन नबीन ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अलग-अलग राज्यों में चुनाव परिणामों के आधार पर कांग्रेस और टीएमसी का चुनाव आयोग को लेकर रुख बदलता है।

उन्होंने कहा कि जीत के बाद चुनाव आयोग को सही ठहराना और हार के बाद उसी संस्था पर सवाल उठाना दोहरे मापदंड को दर्शाता है। नबीन ने कांग्रेस और टीएमसी से जनता के फैसले से सीख लेने की बात कही।

कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद शमिक भट्टाचार्य सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#NitinNabin #YuvaSamvad #WestBengal #Kolkata #BJP #Youth #Startup #Sports #Education #Politics


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

kitkat ad