रामनगर में रेव पार्टी की आड़ में देह व्यापार का भंडा फोड़, 52 लोग गिरफ्तार

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 7 Jul, 2026 12:35 PM
रामनगर में रेव पार्टी की आड़ में देह व्यापार का भंडा फोड़, 52 लोग गिरफ्तार

नैनीताल| पुलिस ने शनिवार देर रात नैनीताल के रामनगर के सांवल्दे स्थित एक्रोन रिजॉर्ट में देह व्यापार, शराब पार्टी और अश्लील गतिविधियों का भंडाफोड़ किया है. कार्रवाई के दौरान 52 पुरुष और एक नाबालिग समेत 10 महिलाओं को पकड़ा है. इस दौरान रिजॉर्ट का महाप्रबंधक भाग गया. पुलिस ने रिजॉर्ट को सील कर दिया है. 52 लोगों के साथ ही रिजॉर्ट के जीएम के खिलाफ पॉक्सो, देह व्यापार समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है. मुख्य आरोपी मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र के मुल्ताननगर निवासी उमेंद्र है. उसके साथ करीम नगर निवासी मेहराजुद्दीन भी पार्टी में शामिल था. उसे भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उमेंद्र का मेरठ, बुलंदशहर सहित अन्य जगहों में कीटनाशक और कृषि उपकरणों से जुड़ा कारोबार है. पुलिस के मुताबिक उसने कई प्रदेशों और विदेशों से युवतियों को पार्टी के लिए रिसॉर्ट में बुलाया था. मेरठ से उसने आनलाइन बुकिंग कराई थी. पूछताछ में उमेंद्र ने बताया कि उसकी बुलंदशहर के सिकंदराबाद में भी कंपनी है जो कृषि से संबंधित उपकरण बनाती है. वह कंपनी से जुड़े लोगों को नैनीताल में मनोरंजन के उद्देश्य से लेकर गया था. उसने दस दिन पहले रामनगर आकर एकरॉन रिसार्ट में दो लाख 20 हजार रुपये भी जमा कराए थे. एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है कि उमेंद्र नैनीताल में गलत गतिविधियों में पकड़ा गया है. मेरठ पुलिस से नैनीताल पुलिस ने कोई संपर्क नहीं किया. उमेंद्र ने बताया कि कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए पार्टी आयोजित की गई थी. रिजॉर्ट के जीएम लखेंद्र चौधरी से संपर्क कर शराब, युवतियों और अतिरिक्त सेवाओं की व्यवस्था करने की बात कही थी. पुलिस के मुताबिक युवतियों की व्यवस्था कंपनी के कर्मी राहुल गुप्ता उर्फ सन्नी के माध्यम से प्रति युवती 10 हजार रुपये में कराई गई थी. शनिवार देर रात एक सूचना पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक्रोन रिजॉर्ट पर छापा मारा. यहां बाहरी राज्यों और विदेश से आईं 10 महिलाओं के साथ यूपी और दिल्ली से आए लोग बिना अनुमति शराब पार्टी करते मिले. डांस करतीं महिलाओं पर नोट उड़ाने के साथ ही अश्लील हरकतें की जा रही थीं. इनमें एक किशोरी भी शामिल थी. पुलिस ने सभी 52 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया. रिजॉर्ट के जीएम समेत सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 143, अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 3, 5 व 6, पॉक्सो अधिनियम की धारा 14, आबकारी अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने रिजॉर्ट के एंट्री रजिस्टर की जांच की. जांच के दौरान पता चला की रिजॉर्ट स्टाफ ने किसी भी व्यक्ति की रजिस्टर में एंट्री नहीं की. इस पर रिजॉर्ट को सील करने की कार्रवाई की गई है. पुलिस की कार्रवाई के दौरान तीन पेटी शराब, एक पेटी बीयर, दस-दस रुपये के नकली नोटों की 24 गड्डियां, एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, म्यूजिक सिस्टम, साउंड बॉक्स और आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई.

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2