ट्विशा शर्मा मौत मामला: पांच दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज गए गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 30 May, 2026 04:43 PM
ट्विशा शर्मा मौत मामला: पांच दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज गए गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह

भोपाल की मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) जांच लगातार तेज होती जा रही है. शुक्रवार (29 मई) को सीबीआई ने रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को भोपाल की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया. अदालत ने दोनों को पांच-पांच दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया है. अब दोनों की अगली पेशी 2 जून को होगी. बता दें कि गिरिबाला सिंह को 28 मई को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था. इससे एक दिन पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी. इसके बाद गुरुवार सुबह सीबीआई की टीम भारी पुलिस बल के साथ भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनके घर पहुंची थी. वहां करीब सात घंटे तक पूछताछ की गई और पूरे घर की थ्री-डी मैपिंग भी की गई. पूछताछ के बाद शाम को सीबीआई ने गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया. ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह पहले से ही सीबीआई हिरासत में हैं. उन्हें 22 मई को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया था. शुरुआती जांच एसआईटी कर रही थी, लेकिन बाद में मामला सीबीआई को सौंप दिया गया. अब सीबीआई दोनों आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी. एजेंसी का मानना है कि इससे मामले की कई अहम बातें सामने आ सकती हैं. सीबीआई इस मामले में ‘टनल व्यू इन्वेस्टिगेशन’ तकनीक का इस्तेमाल कर रही है. इसके तहत ट्विशा शर्मा के आखिरी घंटों का वर्चुअल रीक्रिएशन तैयार किया जा रहा है. जांच एजेंसी यह समझने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले और बाद में घर के अंदर क्या हुआ था. इसके अलावा कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और डिजिटल सबूतों की भी जांच की जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, स्पॉट वेरिफिकेशन के दौरान सीबीआई को सबूतों से छेड़छाड़ के संकेत भी मिले हैं. ट्विशा शर्मा की 12 मई को भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी. उनकी शादी 9 दिसंबर 2025 को समर्थ सिंह से हुई थी. शादी के करीब पांच महीने बाद उनकी मौत हो गई. हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि व्हाट्सएप चैट और परिवार के बयानों से यह संकेत मिलता है कि ट्विशा पर गर्भपात का दबाव बनाया गया था. अब सीबीआई परिवार के अन्य लोगों और घरेलू कर्मचारियों से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है.

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2