20 हजार के लिए भाई की हत्या, बहन समेत 4 गिरफ्तार
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 18 Apr, 2026 06:30 PMअलीगढ़ : अलीगढ़ जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। महज 20 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 30 वर्षीय अफसार के रूप में हुई है, जिसकी हत्या उसके ही रिश्तेदारों द्वारा किए जाने का आरोप है। अफसार अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी कैंपस के पास कैंटीन चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था।
घर लौटते समय रास्ते में घेरकर किया हमला
बताया गया है कि शुक्रवार देर रात अफसार अपनी कैंटीन बंद कर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में हमलावरों ने उसे घेर लिया और उस पर कई बार चाकू से वार किए। घटना के बाद परिजन और पुलिसकर्मी उसे तुरंत जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने गंभीर चोटों के चलते उसे मृत घोषित कर दिया।
बहन-बहनोई को दिए थे 20 हजार रुपये
पुलिस जांच में सामने आया है कि अफसार ने कुछ सप्ताह पहले अपनी बहन और बहनोई को 20 हजार रुपये उधार दिए थे। हाल के दिनों में वह अपनी रकम वापस मांग रहा था, जिससे दोनों नाराज बताए जा रहे थे। परिवार के कुछ लोगों ने एक दिन पहले समझौते का प्रयास भी किया था, लेकिन शुक्रवार रात विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।
बहन और तीन भांजे गिरफ्तार, बहनोई फरार
सिविल लाइंस के क्षेत्राधिकारी सरवन सिंह ने शनिवार को बताया कि इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें अफसार की बहन शहनाज और उसके तीन भांजे शामिल हैं। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, अफसार का बहनोई इमरान अभी फरार है और उसे इस हमले का मुख्य आरोपी माना जा रहा है।
गर्भवती पत्नी पर टूटा दुखों का पहाड़
अफसार की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी गर्भवती है। पति की मौत की खबर सुनते ही वह बेहोश होकर गिर पड़ी। परिवार में उसकी 7 और 5 साल की दो बेटियां भी हैं। पत्नी बार-बार यही कहती रही कि अब परिवार का सहारा कौन बनेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


No Previous Comments found.