दिवाली से पहले आग का तांडव, दो दुकानों में 50 लाख से ज्यादा का नुकसान
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 22 Oct, 2026 01:32 PMनई दिल्ली, 22 अक्टूबर 2026 दिवाली पर अच्छे कारोबार की उम्मीद लगाए बैठे दो व्यापारियों को बुधवार रात आग लगने से भारी नुकसान हुआ। कैंट के सदर बाजार स्थित गोला बाजार में एक ई-स्कूटी शोरूम में आग लग गई, जो देखते ही देखते पास की बर्तन की दुकान तक फैल गई। शोरूम संचालक विमल यादव ने करीब 10 लाख रुपये के नुकसान की जानकारी दी, जबकि बर्तन कारोबारी अंकिता अग्रवाल के मुताबिक, उनकी दुकान में 40 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। त्योहार से ठीक पहले हुए इस हादसे ने दोनों परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है। गोला बाजार में विमल यादव का सरला एंड संस नाम से ई-स्कूटी शोरूम है। उन्होंने बताया कि आग लगने के समय वह डॉक्टर को दिखाने गए थे। इसी दौरान फोन पर उन्हें घटना की जानकारी मिली। उस समय उनका कर्मचारी मुन्ना भी एक ग्राहक को स्कूटी देने गया हुआ था। विमल के मुताबिक, आग में तीन से चार लाख रुपये के स्पेयर पार्ट्स, करीब एक लाख रुपये नकद, सात नई ई-स्कूटी और बैटरियां जल गईं। उन्होंने कुल नुकसान लगभग 10 लाख रुपये बताया। बुधवार रात शोरूम में लगी आग तेजी से फैलने लगी। वहां मौजूद कर्मचारी बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। आग के दौरान बैटरियों में एक के बाद एक धमाके होने लगे, जिससे आसपास के दुकानदारों और लोगों में दहशत फैल गई। कुछ ही देर में लपटें बगल में स्थित ओम प्रकाश हरिओम बर्तन की दुकान तक पहुंच गईं। बर्तन कारोबारी अंकिता अग्रवाल के अनुसार, उनकी दुकान में 40 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और मां बीमार रहती हैं। दिवाली से पहले हुई इस घटना ने परिवार की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। आग देखकर स्थानीय लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर उसे बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर कैंट पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। शुरुआत में तीन दमकल गाड़ियों को लगाया गया, लेकिन आग की गंभीरता देखते हुए आसपास के फायर स्टेशनों से तीन और गाड़ियां बुलानी पड़ीं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, जिसके बाद दो गाड़ियों को वापस भेज दिया गया। आग की चपेट में आने से बर्तन की दुकान पर काम करने वाले एक युवक के छोटे भाई की बाहर खड़ी बाइक भी जल गई। बाइक जलने के बाद युवक रोता नजर आया। हादसे के बाद दोनों दुकानों से जुड़े लोग अपने नुकसान को देखकर मायूस थे। दिवाली से ठीक पहले हुई इस घटना ने व्यापारियों के साथ कर्मचारियों के परिवारों को भी प्रभावित किया है। अब दोनों कारोबारियों के सामने नुकसान का आकलन कराने और दोबारा कारोबार शुरू करने की चुनौती है।



No Previous Comments found.