हैदराबाद में ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, सरगना समेत 5 गिरफ्तार

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 7 Nov, 2026 12:06 PM
हैदराबाद में ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, सरगना समेत 5 गिरफ्तार

तेलंगाना में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत EAGLE Force को बड़ी कामयाबी मिली है। फोर्स ने भद्राद्री कोठागुडेम जिले की चौटुप्पल पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए असम से संचालित अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस दौरान गिरोह के कथित सरगना भास्कर हजारिका समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 24.7 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। मामले में केस दर्ज कर पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है। इस पूरे अभियान में EAGLE Force की STF टीम की अहम भूमिका रही। टीम पिछले 60 दिनों से भास्कर हजारिका की तलाश में जुटी थी। लगातार निगरानी और जांच के बाद पुलिस उसके नेटवर्क तक पहुंचने में सफल रही। कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपये के नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का भी खुलासा हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भास्कर हजारिका (31), बाबू बोराह (37), निर्मल हजारिका (26), प्रणजल दत्ता (25) और अकान राजबंशी (34) के रूप में हुई है। इनमें भास्कर हैदराबाद में IKEA के पास फुटपाथ पर होटल चलाता था, जबकि बाबू बोराह रैपिडो चालक, निर्मल निजी नौकरी और प्रणजल दत्ता उबर चालक के रूप में काम करता था। पुलिस के अनुसार, भास्कर हजारिका, बाबू बोराह, निर्मल हजारिका और प्रणजल दत्ता असम के लखीमपुर के निवासी हैं, जबकि अकान राजबंशी गोलाघाट का रहने वाला है। सभी आरोपी तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के सेरिलिंगमपल्ली क्षेत्र के प्रेम नगर, न्यू हफीजपेट में रह रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के पूरे तौर-तरीके की जांच कर रही है।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.