खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहा परिवार उजड़ा, भीषण हादसे में 9 की मौत
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 22 Nov, 2026 06:58 PMनई दिल्ली, 22 नवंबर 2026 राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के 9 लोगों की जान चली गई। मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं, जबकि हादसे में 6 अन्य लोग घायल हुए हैं। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात हुए इस हादसे ने परिवार की धार्मिक यात्रा को बड़े हादसे में बदल दिया। यह दुर्घटना रात करीब 2 बजे शंभूपुरा गांव के नजदीक हुई। जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र का एक परिवार क्रूजर वाहन में सवार होकर खाटू श्यामजी के दर्शन करने के बाद वापस लौट रहा था। वाहन में कुल 15 लोग मौजूद थे। इसी दौरान तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में उषा बाई, सुशीला, कैलाश, सान्वी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल, जाह्नवी और माधवी के नाम शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वाहन चला रहे ड्राइवर को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर सिटी पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम तत्काल मौके पर पहुंचीं। पुलिसकर्मियों और बचाव दलों ने वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर घायलों को एम्बुलेंस से न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। सभी 6 घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी देखरेख के लिए मेडिकल टीम तैनात की गई है। वहीं, ADM-सिटी सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने घटनास्थल के साथ अस्पताल पहुंचकर राहत एवं उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस हादसे में एक ही परिवार के 9 सदस्यों की मौत से गहरा शोक व्याप्त है।


No Previous Comments found.