अंकित बालियान हत्याकांड का ‘एनकाउंटर चैप्टर’, दो शूटर ढेर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 31 Aug, 2026 12:20 PMलखनऊ, 31 अगस्त 2026 शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या की जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है। यूपी एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की कार्रवाई में हत्याकांड से जुड़े बताए जा रहे दो शूटर सुमित और मोहित मारे गए हैं। पुलिस की अब तक की जांच में छह लोगों की भूमिका सामने आई है। इनमें चार कथित शूटरों के साथ दो अन्य लोग रेकी और वारदात में मदद करने से जुड़े बताए जा रहे हैं। जांच में सामने आया कि 20 अगस्त को अंकित की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए रेकी की गई थी। दो शूटर शामली पहुंचे और सूर्या होटल में ठहरे थे, जहां उन्होंने आधार कार्ड समेत जरूरी दस्तावेज जमा किए। पुलिस ने होटल की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग खंगाली तो आरोपियों की गतिविधियों से जुड़ा अहम सुराग मिला। इसके अलावा वारदात के बाद आसपास के कैमरों की फुटेज की जांच से चारों शूटरों की पहचान की गई। पुलिस के मुताबिक, इन आरोपियों का संबंध हरियाणा के हिसार और रोहतक से है। इनमें एक पहले हत्या के मामले में जेल जा चुका था, जबकि अन्य तीन के खिलाफ छोटे-मोटे अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई। आरोपियों की पहचान सामने आने के बाद हरियाणा पुलिस ने उनके घरों और रिश्तेदारों के ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। पुलिस की पूछताछ और दबिश के बीच कथित शूटरों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए और फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश में हरियाणा और दिल्ली में दबिश तेज कर दी। साथ ही अंकित की कॉल डिटेल और व्हाट्सऐप मैसेजिंग हिस्ट्री को भी जांच के दायरे में लिया गया। पुलिस के अनुसार, वारदात में चार शूटर शामिल थे। हत्या के बाद दो बाइक सवार शूटर करनाल की ओर निकल गए, जबकि मोहित और सुमित बागपत की तरफ भागे। पुलिस के मुताबिक, फरार मोहित और सुमित की लोकेशन ट्रैक किए जाने के बाद कैराना रोड स्थित इंडियन गैस गोदाम के पास दोनों को घेरा गया। यहां पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उन्हें गोगी गैंग से जुड़ा बताया गया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों को गोली लगी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान SWAT टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप भी घायल हुए। मौके से दो पिस्टल, जिंदा और खोखा कारतूस, स्प्लेंडर बाइक, बैग, मोबाइल फोन और 5 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। अंकित बालियान हत्याकांड की तह तक पहुंचने के लिए मेरठ जोन के सात जिलों की पुलिस की आठ टीमें लगाई गई थीं। इससे पहले मेरठ जोन के ADG भानु भास्कर ने शामली पहुंचकर अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे बैठक की थी। उन्होंने कहा था कि पुलिस आरोपियों और वारदात में इस्तेमाल हथियारों के बेहद करीब पहुंच चुकी है। दो कथित शूटरों के एनकाउंटर के बाद अब जांच का अगला फोकस उन दो लोगों पर है, जिनकी भूमिका रेकी और मदद के तौर पर सामने आई है। पुलिस हत्या के पीछे की पूरी साजिश और बाकी आरोपियों तक पहुंचने के लिए उपलब्ध साक्ष्यों और संपर्कों की कड़ियां जोड़ रही है।



No Previous Comments found.