सुल्तानपुर में शहीद का पार्थिव शरीर ले जा रही एंबुलेंस हादसे का शिकार, 4 की मौत

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 4 Oct, 2026 04:19 PM
सुल्तानपुर में शहीद का पार्थिव शरीर ले जा रही एंबुलेंस हादसे का शिकार, 4 की मौत

नई दिल्ली, 04 अक्टूबर 2026 उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। हादसा अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा के हलियापुर थाना क्षेत्र में 79.6 किलोमीटर के पास हुआ। यहां शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस पहले एक अज्ञात वाहन की चपेट में आई और इसके बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के वक्त एंबुलेंस में शहीद सूबेदार मेजर के परिजन भी मौजूद थे। इनमें उनके भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ सिंह और बेटे गौरव सिंह शामिल थे। एंबुलेंस को जसपाल चला रहे थे। पुलिस के अनुसार, सुबह हलियापुर क्षेत्र में पहुंचने के दौरान एंबुलेंस की एक अज्ञात वाहन से टक्कर हुई। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में गौरव सिंह और चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। राजन चौधरी और राम समुझ सिंह को अयोध्या के कुमारगंज स्थित सैय्या अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई। घटना की जानकारी सभी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने चारों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पुलिस उस अज्ञात वाहन का पता लगाने में जुटी है, जिसकी टक्कर के बाद एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हुई। वहीं, शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर थाना परिसर में ससम्मान सुरक्षित रखवाया गया है। हादसे की परिस्थितियों की जांच जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुल्तानपुर के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिवारों से संपर्क कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। 

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

kitkat ad