सामूहिक विवाह में दूसरी शादी करने पहुंचा पति, पहली पत्नी ने मंडप में पहुंचकर रुकवाई शादी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 22 Nov, 2026 06:37 PMनई दिल्ली, 22 नवंबर 2026 मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में उस समय अचानक विवाद खड़ा हो गया, जब शादी की तैयारियों के बीच एक युवक की पहली पत्नी वहां पहुंच गई। महिला ने अपने पति पर बिना कानूनी रूप से तलाक लिए दूसरी शादी करने का आरोप लगाया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में ले लिया और उसका विवाह रुकवा दिया। इस घटनाक्रम से समारोह स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। मामला अलीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाला युवक पेंटिंग का काम करता है। उसकी पहली पत्नी का दावा है कि दोनों की शादी 14 नवंबर 2021 को हुई थी। महिला के आरोप के मुताबिक, विवाह के बाद पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इसी विवाद के चलते करीब तीन वर्षों से दोनों का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। महिला ने बताया कि उसे जानकारी मिली थी कि उसका पति मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में दूसरी शादी करने जा रहा है। उसका आरोप है कि युवक मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मिलने वाली एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता हासिल करने के लिए यह शादी कर रहा था। महिला का कहना है कि दोनों के बीच अभी तक तलाक नहीं हुआ है और उनका मामला अदालत में लंबित है। पति की दूसरी शादी की जानकारी मिलते ही महिला समारोह स्थल पर पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसकी शादी की प्रक्रिया रोक दी गई। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र पवार ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह में पहले से शादीशुदा युवक के दूसरी शादी करने का मामला संज्ञान में आया है। आरोपी को हिरासत में लिया गया है।


No Previous Comments found.