जाफराबाद के रेस्टोरेंट में आग से मची भगदड़, जान बचाने के लिए खिड़की से कूदे लोग
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 14 Oct, 2026 03:27 PMनई दिल्ली, 14 अक्टूबर 2026 पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में स्थित उद्यम फिश पॉइंट रेस्टोरेंट में आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। आग से बचने के लिए रेस्टोरेंट की ऊपरी मंजिल पर मौजूद कुछ महिलाओं और पुरुषों ने खिड़की से नीचे छलांग लगा दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग जान बचाने के लिए खिड़की से कूदते दिखाई दे रहे हैं। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। रेस्टोरेंट में आग फैलने के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया। अपनी जान बचाने के लिए कुछ लोगों ने ऊपरी मंजिल से नीचे छलांग लगाई। इस दौरान आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने भी मदद के लिए हाथ बढ़ाया और लोगों को सुरक्षित निकालने में सहयोग किया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हुई अफरा-तफरी की तस्वीरें भी सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर की रात करीब 10:34 बजे वेलकम थाना क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि मौजपुर में मेन जाफराबाद रोड पर दुकान संख्या 169 में स्थित उद्यम रेस्टोरेंट की रसोई में आग लगी थी। सूचना मिलने पर दमकल की एक गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंची। रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझा दी, जिसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय लोगों के सहयोग से हालात को संभाल लिया गया। हालांकि, रेस्टोरेंट में आग किन परिस्थितियों में लगी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटी है।



No Previous Comments found.