TMC- का मतलब टार्चर, माफिया और क्राइम है : शिवराज

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, सोमवार को पश्चिम बंगाल में आयोजित परिवर्तन यात्रा में शामिल हुए और जनसभा को संबोधित किया

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 2 Mar, 2026 09:45 PM
TMC- का मतलब टार्चर, माफिया और क्राइम है : शिवराज

नई दिल्ली/पश्चिम बंगाल- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को पश्चिम बंगाल के दौरे पर थे। इस दौरान शिवराज सिंह बशीरहाट जिले की संदेशखाली विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा में शामिल हुए और एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, बंगाल की पवित्र धरती ने पूरे देश को दिशा दी है। राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत दोनों, इसी धरा से निकले हैं। गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर और महर्षि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय जैसे महापुरुषों ने राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत देकर देश की आत्मा को जागृत किया। वंदे मातरम् का उद्घोष केवल एक नारा नहीं था, बल्कि वह देशभक्ति की ऐसी धारा थी, जिसने पूरे देश को खड़ा कर दिया। इस धरती को सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का संदेश स्वामी विवेकानंद ने दिया, आध्यात्मिक राष्ट्रवाद का मार्ग अरविंद घोष ने दिखाया और एकता और अखंडता का मंत्र श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने दिया। वहीं केंद्रीय मंत्री ने राज्य की टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए बंगाल की कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, घुसपैठ और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की।


बंगाल की जनता TMC के कुशासन से त्रस्त है-


केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, बंगाल की जनता आज टीएमसी के कुशासन से त्रस्त है। लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बदहाल है। जो सरकार मां, मानुष और माटी की बात करती थी, आज वही मां लहूलुहान है, माटी खून से सनी हुई है और यहां का मानुष अत्याचार और अन्याय के कारण तड़प रहा है। राज्य में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार बढ़े हैं। जिस तरह बहनों और बेटियों पर अन्याय और अत्याचार हो रहे हैं, वह बेहद चिंताजनक है। बंगाल में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज ही बची नहीं है। उन्होंने कहा कि, आज टीएमसी का मतलब टार्चर और ट्रेजेडी हो गया है। ‘एम’ का मतलब मनी, मर्डर और माफिया है, और ‘सी’ का मतलब करप्शन, क्राइम और क्रूरता। भ्रष्टाचार के कारण पूरा बंगाल त्रस्त और परेशान है। घुसपैठिए राज्य के संसाधनों पर कब्जा कर रहे हैं। जल, जमीन और जंगल पर कब्जा हो रहा है। बंगाल की जनता के हक छीने जा रहे हैं और आम आदमी पीड़ित है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, बंगाल की जनता अब बदलाव चाहती है। जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है और यह परिवर्तन यात्रा केवल राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि बंगाल की नवजागरण यात्रा है।


TMC को बंगाल और जनता की नहीं घुसपैठियों की चिंता-


केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, टीएमसी को बंगाल की चिंता नहीं है, बंगाल की जनता की चिंता नहीं है। चिंता है तो केवल घुसपैठियों को बचाने की, क्योंकि वही घुसपैठिए वोट बैंक बन जाते हैं। टीएमसी का सिंडिकेट पहले घुसपैठ कराता है, फिर उनके आधार कार्ड बनवाए जाते हैं, वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाए जाते हैं। और अब जब छानबीन करके, तथ्यों के आधार पर ऐसे लोगों के नाम काटे जा रहे हैं, जो भारत के नागरिक ही नहीं हैं, तो धरने पर बैठने का नाटक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, यह कार्रवाई नियम और कानून के तहत की जा रही है। जो भारत का नागरिक नहीं है, उसे पहचानना और कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करना आवश्यक है, लेकिन इसे राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, यह भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है कि, एक-एक घुसपैठिए की पहचान की जाएगी और जो देश का नागरिक नहीं है, उसे चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा। टीएमसी की घुसपैठ और तुष्टीकरण की नीति ने बंगाल को दंगों की आग में झोंकने का काम किया है। वोट बैंक की राजनीति के लिए समाज को बांटने की कोशिश की जा रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, राज्य में धार्मिक आयोजनों को लेकर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। हिंदू त्योहार और पर्व मनाने के लिए अनुमति लेनी पड़ती है। यह स्थिति शर्मनाक है। तुष्टीकरण की नीति के कारण असामाजिक तत्वों को बढ़ावा मिल रहा है। गुंडों को संरक्षण दिया जा रहा है। कानून का डर खत्म होता जा रहा है और आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बंगाल की जनता अब इस स्थिति को और बर्दाश्त नहीं करेगी। बंगाल अब यह सहन नहीं करेगा। जनता परिवर्तन चाहती है और न्यायपूर्ण, सुरक्षित और समरस समाज की स्थापना के लिए संकल्पित है। 


घोटालों और क्राइम के दलदल में बंगाल-


केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, टीएमसी शासन में हुई भर्ती घोटालों ने हजारों नौजवानों के सपनों को तोड़ दिया है। सबसे पहले नौजवानों की नौकरी खा ली गई। शिक्षक भर्ती घोटाले में हजारों युवाओं को नौकरी मिल सकती थी, लेकिन भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। यह केवल शिक्षक भर्ती तक सीमित नहीं है, नगरपालिका, नगर निगम और स्थानीय निकायों की भर्तियों में भी घोटाले हुए हैं। राज्य में रोजगार के अवसर छीन लिए गए। भर्तियों में बेईमानी की गई। जो अवसर बचे-खुचे थे, वो भी घुसपैठियों को दे दिए गए। यह बंगाल के युवाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि, चुनावों से पहले बेरोजगारी भत्ता देने की घोषणाएं केवल राजनीतिक दिखावा हैं। अब वोटिंग से पहले बेरोजगारी भत्ते का नाटक किया जा रहा है। नौजवान इस नाटक को अच्छी तरह समझते हैं। टीएमसी का यह लॉलीपॉप अब काम नहीं आने वाला। राज्य के युवा अब परिवर्तन के लिए तैयार हैं। वह पारदर्शिता, ईमानदारी और अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए खड़ा होगा। वहीं शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, टीएमसी में एक नहीं, कई शेख शाहजहाँ जैसे लोग हैं, जो बहनों और बेटियों की अस्मत और इज़्ज़त से खिलवाड़ कर रहे हैं। महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। आज ज़रूरत है हमारी बहनों के स्वाभिमान और सम्मान की रक्षा की। जो भी दोषी है, उसे सख्त से सख्त सज़ा मिलनी चाहिए। कानून का राज स्थापित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी महिलाओं की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा की सरकार बहनों-बेटियों की सुरक्षा की गारंटी देगी और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। 


ममता दीदी के राज में अन्याय की पराकाष्ठा-


केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, आज मैं भारी मन से बोल रहा हूँ। आखिर कितनी घटनाएँ होंगी? मेरी बेटियाँ कहाँ सुरक्षित हैं? मेरी बहनें कहाँ सुरक्षित हैं? उन्होंने कहा कि, आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज की मेरी वह डॉक्टर बहन, जो मरीजों को जिंदगी देने का काम करती थी, उसके साथ बलात्कार कर उसकी हत्या कर दी गई। इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या हो सकता है.? लोगों की जान बचाने वाली बहन की जान ले ली गई और उसकी इज्जत के साथ खिलवाड़ किया गया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, राज्य सरकार ने इस मामले में संवेदनशीलता और सख्ती नहीं दिखाई। मैं पूछना चाहता हूँ, टीएमसी की सरकार ने क्या किया.? अपराधियों को बचाने की कोशिश क्यों हुई.? सबूत क्यों मिटाए गए, ताकि अपराधी पकड़े न जाएं..? यह अन्याय की पराकाष्ठा है, यह अन्याय की अति है और अब बंगाल की जनता को तय करना होगा कि, वह ऐसी घटनाओं को और कितने समय तक सहन करेगी। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, संदेशखाली की धरती पर हमारी बहनों के साथ जो हुआ, वह अमानवीय है। शेख शाहजहां जैसे लोग और टीएमसी के गुंडा सिंडिकेट बहनों को डराते-धमकाते थे। उनके परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी दी जाती थी। उन्होंने कहा कि, राज्य में एक महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद अगर बहनों के साथ ऐसा अमानुषिक अत्याचार होता रहे और सरकार मूकदर्शक बनी रहे, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। 


घुसपैठियों की रक्षा के लिए धरने का नाटक-


केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि, SIR का विरोध किया जा रहा है, धरने पर बैठने की बात कही जा रही है। मैं पूछना चाहता हूँ- आखिर क्यों धरने पर बैठोगे..? बंगाल की जनता की चिंता नहीं है, घुसपैठियों की रक्षा के लिए धरने पर बैठोगी..? केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है कि, विदेश से आए हुए एक-एक घुसपैठिए की पहचान की जाएगी और उन्हें बाहर निकाला जाएगा। एक भी घुसपैठिया हिंदुस्तान और बंगाल की धरती पर नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि, बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही एक-एक घुसपैठिए को बाहर कर दिया जाएगा। वहीं शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, केंद्र सरकार सीमा पर बांग्लादेश से सटे इलाकों में तारबंदी करना चाहती है, लेकिन राज्य सरकार सहयोग नहीं कर रही। हम सीमा पर तारों की बाड़ लगाना चाहते हैं, ताकि बांग्लादेश से घुसपैठ न हो। इसके लिए जमीन मांगते हैं, लेकिन टीएमसी का सिंडिकेट जमीन देने से इंकार कर देता है। अगर बाड़ लग गई, तो घुसपैठिए अंदर कैसे आएंगे.? उनका रास्ता बंद हो जाएगा, इसलिए जमीन नहीं दी जा रही है। 


टीएमसी के सिंडिकेट ने पात्र गरीबों को मकान नहीं दिए-


केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्रीमान नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देशभर में महिलाओं के सशक्तिकरण का महायज्ञ चल रहा है और हर बहन को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना सरकार का संकल्प है। हर एक बहन को लखपति दीदी बनाया जाएगा। लखपति दीदी का मतलब है कि हर बहन की सालाना आय कम से कम एक लाख रुपये हो। वहीं केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि, साल 2027 तक 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे समय से पहले पूरा कर लिया गया है। अब प्रधानमंत्री जी ने 6 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य दिया है। हम इसे भी पूरा करेंगे। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, सभी बहनें इस अभियान से जुड़ें। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से हम इस इलाके की एक-एक दीदी को लखपति दीदी बनाएंगे। कोई बहन गरीब नहीं रहेगी। वहीं उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने प्रधानमंत्री आवास योजना इसलिए बनाई थी कि हर गरीब को पक्का मकान मिले। लेकिन यहां टीएमसी के सिंडिकेट ने पात्र गरीबों को मकान नहीं दिए। जिनके पास कच्ची छत थी, वो वंचित रह गए और जिनके पास पहले से पक्के मकान थे, उन्हें लाभ दे दिया गया। गरीब इंतजार करता रह गया और टीएमसी के गुंडों ने अपने घर पक्के कर लिए। यह गरीबों के अधिकारों के साथ अन्याय है। केंद्र सरकार अब यह सुनिश्चित करेगी कि वास्तविक जरूरतमंदों को लाभ मिले। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हमने तय किया है कि बंगाल में जिसके पास कच्चा मकान है, उस हर गरीब को पक्का मकान बनाने के लिए पैसे दिए जाएंगे। बंगाल में प्रधानमंत्री आवास योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2