बंगाल में BJP का ‘लोकल फोकस’ फॉर्मूला, ममता के किले पर सीधा वार
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 4 May, 2026 01:47 PMकोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में ममता बनर्जी के मजबूत गढ़ को चुनौती देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने इस बार अलग और जमीनी रणनीति अपनाई। राष्ट्रीय मुद्दों की बजाय स्थानीय विषयों को केंद्र में रखा गया और क्षेत्रीय नेताओं को आगे बढ़ाया गया। केंद्र के वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन में पूरी रणनीति की जिम्मेदारी भूपेन्द्र यादव और सुनील बंसल की टीम ने संभाली, जिसमें कैंपेन, नैरेटिव, रणनीति और माइक्रो मैनेजमेंट पर विशेष फोकस किया गया। दावा है कि सिर्फ फरवरी में ही 1.65 लाख छोटी बैठकों का आयोजन किया गया, जबकि लाउडस्पीकर पर प्रतिबंध था और करीब 9.5 हजार प्रवासी कार्यकर्ता बंगाल पहुंचे।
कोलकाता में वार्ड स्तर पर पकड़ मजबूत
कोलकाता में संगठन को 142 वार्डों में बांटकर नई संरचना तैयार की गई, जहां हर वार्ड में पांच पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई। इन पदाधिकारियों को स्थानीय प्रभावशाली लोगों से संपर्क बढ़ाने, आरडब्ल्यूए प्रमुखों से मिलने और त्योहारों पर संवाद स्थापित करने का जिम्मा दिया गया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस रणनीति से शहरी इलाकों में पकड़ मजबूत करने में मदद मिली।
खेल और जनसंपर्क से जमीनी विस्तार
भाजपा ने फुटबॉल को जनसंपर्क का माध्यम बनाते हुए ‘नरेंद्र कप’ के जरिए 18 हजार खिलाड़ियों को जोड़ा और एक लाख खिलाड़ियों को टी-शर्ट व जर्सी वितरित की। राज्यभर में महिला फुटबॉल के 253 मैच आयोजित हुए, साथ ही 5 हजार बैट और बॉल भी बांटे गए। इसके अलावा 12,000 से अधिक स्ट्रीट कॉर्नर सभाएं और फरवरी में ही 1.65 लाख से ज्यादा आंगन बैठकों का आयोजन किया गया, जिससे सीधे जनता तक पहुंच बनाई गई।
जनजागरण से परिवर्तन यात्रा तक
15 जनवरी से 27 फरवरी तक चार्जशीट आधारित जनजागरण अभियान चलाकर 220 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया गया, जिसमें 150 से अधिक नेताओं ने भाग लिया और 80 से ज्यादा प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए सरकार के खिलाफ मुद्दे उठाए गए। इसके बाद 1 से 10 मार्च तक परिवर्तन यात्रा निकाली गई। प्रत्याशी चयन में स्थानीय चेहरों—डॉक्टर, वकील, खिलाड़ी, कलाकार और गायकों—को प्राथमिकता दी गई। युवाओं और महिलाओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए ‘युवा शक्ति भरोसा कार्ड’ और ‘मातृ शक्ति भरोसा कार्ड’ के जरिए सीधा संवाद स्थापित करने की कोशिश की गई।


No Previous Comments found.