Uttarakhand : रानीपोखरी CSD कैंटीन का विस्तार पूरा, मंत्री गणेश जोशी ने किया उद्घाटन
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 8 Jul, 2026 08:20 PMदेहरादून। उत्तराखंड के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को रानीपोखरी स्थित सीएसडी (कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमेंट) कैंटीन के जीर्णोद्धार एवं विस्तारीकरण कार्यों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित सैनिक मिलन कार्यक्रम में उन्होंने पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सैनिक और पूर्व सैनिक देश की शान हैं तथा उनके सम्मान, सुविधा और कल्याण के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है और सैनिक कल्याण विभाग इस दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष रानीपोखरी स्थित सीएसडी कैंटीन के निरीक्षण के दौरान पूर्व सैनिकों ने कैंटीन में सीमित स्थान और विस्तार की आवश्यकता से अवगत कराया था। उस समय उन्होंने कैंटीन के जीर्णोद्धार और विस्तारीकरण का आश्वासन दिया था, जिसे अब पूरा कर दिया गया है।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों और उनके परिवारजनों ने रानीपोखरी क्षेत्र में सीएसडी कैंटीन की स्थापना और उसके विस्तार के लिए मंत्री का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि विस्तारित कैंटीन से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
इस दौरान पूर्व सैनिकों ने सीएसडी कैंटीन के समीप बरसाती नदी से संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षा कार्य कराने सहित अन्य समस्याएं भी मंत्री के समक्ष रखीं। गणेश जोशी ने सभी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार पूर्व सैनिकों के हितों और सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।
कार्यक्रम में केंद्रीय अध्यक्ष एस.एस. मथारू, डीजीएम राजेश नेगी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (सेवानिवृत्त कर्नल) फर्स्वाण, पूर्व सैनिक आनंद सिंह राणा, राजेंद्र रावत, ग्राम प्रधान सुधीर रतूड़ी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।



No Previous Comments found.