Uttarakhand: मोलेखाल बाजार में पार्किंग निर्माण को मिली सैद्धांतिक मंजूरी, ₹5.91 करोड़ का प्रस्ताव बढ़ा आगे

सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, एक सप्ताह में मांगी लंबित पत्रावलियां

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 8 May, 2026 10:44 PM
Uttarakhand: मोलेखाल बाजार में पार्किंग निर्माण को मिली सैद्धांतिक मंजूरी, ₹5.91 करोड़ का प्रस्ताव बढ़ा आगे

देहरादून, 08 मई 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणाओं को तेजी से धरातल पर उतारने की दिशा में आवास विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। सचिव, आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में अल्मोड़ा जनपद के सल्ट क्षेत्र स्थित मोलेखाल बाजार में पार्किंग निर्माण परियोजना को विभागीय व्यय समिति से सैद्धांतिक मंजूरी दे दी गई। परियोजना के लिए ₹591.16 लाख की धनराशि के प्रस्ताव को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति हेतु वित्त विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।


राज्य सचिवालय में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री घोषणा संख्या–800/2021 “मोलेखाल बाजार में पार्किंग निर्माण” परियोजना की प्रगति, विस्तृत आगणन और तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में आवास विभाग, वित्त विभाग और नियोजन विभाग के अधिकारियों के साथ जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण अल्मोड़ा, उत्तराखण्ड आवास एवं नगर विकास प्राधिकरण तथा उत्तराखण्ड पेयजल निगम के अधिकारी भी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।


बैठक में कार्यदायी संस्था ने परियोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए बताया कि पर्वतीय भूगोल और जटिल भौगोलिक परिस्थितियों के कारण निर्माण लागत अपेक्षाकृत अधिक है। स्थल पर गहरी नींव, ढलान स्थिरीकरण, भूकंपरोधी डिजाइन और अतिरिक्त आरसीसी संरचनाओं की आवश्यकता को देखते हुए प्रति कार पार्किंग लागत बढ़ी है, जिसे तकनीकी रूप से उचित माना गया।


अधिकारियों ने बताया कि मोलेखाल बाजार और आसपास के जौलीखाल क्षेत्र में लगातार बढ़ते वाहनों के कारण पार्किंग की समस्या गंभीर होती जा रही है। चयनित स्थल का ड्रोन सर्वे, वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के माध्यम से परीक्षण किया गया, जिसमें यह स्थान पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया। साथ ही, चयनित भूमि को आवास विभाग के नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया भी जारी है।


समीक्षा बैठक के दौरान सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े सभी मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि लंबित पत्रावलियां एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत की जाएं, ताकि स्वीकृति प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।


डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणाओं को प्राथमिकता के साथ लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि मोलेखाल बाजार में प्रस्तावित पार्किंग परियोजना स्थानीय जरूरतों के अनुरूप बेहद महत्वपूर्ण है, जिससे क्षेत्र में यातायात प्रबंधन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पर्वतीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए परियोजना का डिजाइन तैयार किया गया है, जिसमें सुरक्षा और स्थायित्व को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2