Uttarakhand : इलेक्ट्रिक स्कूटर से अचानक उपनल मुख्यालय पहुंचे गणेश जोशी, अधिकारियों-कर्मचारियों में मची हलचल
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 15 May, 2026 07:35 PMदेहरादून, 15 मई। उत्तराखंड सरकार में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी शुक्रवार को दुपहिया इलेक्ट्रिक वाहन से अचानक उपनल मुख्यालय पहुंच गए। मंत्री के औचक निरीक्षण से अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया तथा कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने उपनल मुख्यालय के विभिन्न अनुभागों का दौरा कर कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली, कार्यालय संचालन और प्रबंधन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए कार्य प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
सैनिक कल्याण मंत्री ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और ईंधन संरक्षण की आवश्यकता को देखते हुए उपनल मुख्यालय के 50 प्रतिशत कार्य “वर्क फ्रॉम होम” प्रणाली के तहत संचालित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” अभियान चलाने और प्रत्येक शनिवार को अधिकतम कार्य ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने को कहा।
गणेश जोशी ने कहा कि डिजिटल कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने से ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अनावश्यक वाहन उपयोग कम करने तथा इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की अपील की।
मंत्री ने उपनल मुख्यालय में डाक एवं अन्य कार्यों के लिए उपयोग किए जा रहे दुपहिया इलेक्ट्रिक वाहन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल अन्य विभागों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसके लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
इस दौरान उपनल के निदेशक मेजर जनरल शम्मी सभरवाल (सेनि), प्रबंध निदेशक ब्रिगेडियर जेएनएस बिष्ट (सेनि) तथा उपमहाप्रबंधक मेजर हिमांशु रौतेला (सेनि) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.