Uttarakhand : टिहरी में मेडिकल कॉलेज स्थापना पर मंथन, मुख्यमंत्री धामी से मिले स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल और विधायक किशोर उपाध्याय

बोले मुख्यमंत्री- पर्वतीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता, टिहरी मेडिकल कॉलेज पर होगा सकारात्मक निर्णय

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 1 Aug, 2026 10:41 PM
Uttarakhand : टिहरी में मेडिकल कॉलेज स्थापना पर मंथन, मुख्यमंत्री धामी से मिले स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल और विधायक किशोर उपाध्याय

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल तथा टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने शिष्टाचार भेंट की। बैठक में टिहरी जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण और संवेदनशील टिहरी जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से न केवल स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी, बल्कि पूरे गढ़वाल मंडल के स्वास्थ्य ढांचे को भी नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप इस दिशा में सकारात्मक एवं ठोस कदम उठाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का लक्ष्य दूरस्थ, पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों तक विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं, आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण उपचार व्यवस्था पहुंचाना है। इसके लिए चिकित्सा अवसंरचना के विकास, मेडिकल एवं नर्सिंग शिक्षा के विस्तार, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण पर लगातार कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन हुए हैं। आयुष्मान भारत योजना, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, टेलीमेडिसिन सेवाओं के विस्तार तथा मेडिकल शिक्षा संस्थानों की संख्या बढ़ने से आम नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। राज्य सरकार इन प्रयासों को और गति देते हुए प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने मुख्यमंत्री को टिहरी की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं, चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। वहीं विधायक किशोर उपाध्याय ने टिहरी क्षेत्र की जनभावनाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए मेडिकल कॉलेज की स्थापना को क्षेत्र की दीर्घकालिक आवश्यकता बताया।

मुख्यमंत्री ने दोनों जनप्रतिनिधियों के सुझावों और प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन देते हुए कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र को और अधिक मजबूत, आधुनिक और जनोन्मुख बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है तथा इस दिशा में आवश्यक सभी कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएंगे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#PushkarSinghDhami #Tehri #MedicalCollege #SubodhUniyal #KishoreUpadhyay #Healthcare #MedicalEducation #Uttarakhand #Yugvarta


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2