PMGSY परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, वन स्वीकृतियों की प्रक्रिया होगी तेज
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 5 Aug, 2026 09:27 PMदेहरादून। उत्तराखंड सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने बुधवार को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत संचालित परियोजनाओं की प्रगति और वन स्वीकृतियों की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सड़क परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर और सुरक्षित सड़क संपर्क उपलब्ध कराया जा सके।
समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं, वन स्वीकृतियों की वर्तमान स्थिति तथा कार्यों के समयबद्ध निष्पादन पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अंतिम गांव तक बेहतर सड़क संपर्क सुनिश्चित करना है और इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा।
बैठक में मंत्री ने निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि सड़कों का निर्माण तय समयसीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निर्मित सड़कों का नियमित रखरखाव संबंधित ठेकेदारों द्वारा सुनिश्चित किया जाए, जिससे आम जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलती रहे।
भरत सिंह चौधरी ने प्रभावित लोगों को देय मुआवजे का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान किसी भी प्रभावित परिवार को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए।
वन स्वीकृतियों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाना आवश्यक है। उन्होंने प्रतिपूरक वनीकरण (Compensatory Afforestation) के लिए आवश्यक भूमि की उपलब्धता समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि वन स्वीकृतियों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
बैठक में परियोजना कार्यान्वयन इकाइयों (PIU) को जिला प्रशासन और वन विभाग के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने के लिए वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नियमित उच्चस्तरीय बैठकें आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।
ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण योजना है और सभी संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करना चाहिए, ताकि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों को शीघ्र बेहतर सड़क संपर्क का लाभ मिल सके।
समीक्षा बैठक में ग्रामीण विकास विभाग के सचिव धीराज गर्ब्याल, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के मुख्य अभियंता संजय पाठक सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.