CM धामी ने उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति की वेबसाइट और ‘क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका का किया विमोचन
समाज के जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने में समिति की भूमिका महत्वपूर्ण: मुख्यमंत्री; युवाओं से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 9 Aug, 2026 03:10 PMदेहरादून, 9 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति, देहरादून की वेबसाइट और ‘क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने से प्रदेश के विकास को नई दिशा दी जा सकती है।
युवाओं से सामाजिक कार्यों में भागीदारी की अपील
मुख्यमंत्री ने युवाओं से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं की ऊर्जा एवं प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग उत्तराखंड के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
उन्होंने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण आधारों में से एक है। समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को अपनी प्रतिभा के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के साथ उनमें संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि यही मूल्य आने वाली पीढ़ी को समाज और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेंगे।
उन्होंने समिति से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों के सहयोग के लिए निरंतर प्रयास करने की अपेक्षा व्यक्त की।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक सुरेश सिंह चौहान, दिगंबर सिंह नेगी, गोविंद बिष्ट, सोहन सिंह नेगी, आशा असवाल, धनपाल रावत, किशन भंडारी, प्रताप सिंह बिष्ट, चंदन सिंह भंडारी सहित उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।



No Previous Comments found.