UJVNL बोर्ड का बड़ा फैसला, उत्तराखंड की करोड़ों की ऊर्जा परियोजनाओं को हरी झंडी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 2 Jul, 2026 09:20 PMदेहरादून। उत्तराखंड की ऊर्जा अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए UJVN Limited की निदेशक मंडल बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को मंजूरी दे दी गई। साथ ही राज्य की कई महत्वपूर्ण जलविद्युत और पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए अहम फैसले लिए गए।
मुख्य सचिव एवं यूजेवीएनएल के अध्यक्ष Anand Bardhan की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रबंध निदेशक के रूप में स्थायी पदभार ग्रहण करने के बाद Ajay Kumar Singh ने पहली बार बोर्ड बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान बोर्ड सदस्यों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई। इसके अलावा उपनल के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों के लिए उत्तराखंड सरकार के आदेश के अनुरूप “समान कार्य के लिए समान वेतन” प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल गई।
बोर्ड ने राज्य की ऊर्जा क्षमता बढ़ाने के लिए 81 मेगावाट क्षमता की आराकोट-त्यूणी जलविद्युत परियोजना और 600 मेगावाट क्षमता की इच्छाड़ी पंप्ड स्टोरेज परियोजना के पहले चरण की सभी आवश्यक स्वीकृतियां जल्द प्राप्त करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा 300 मेगावाट क्षमता की लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना के अतिरिक्त कार्यों के लिए वित्तीय मंजूरी दी गई। वहीं सिंचाई विभाग से हस्तांतरित सौंग पंप्ड स्टोरेज परियोजना के लिए भी संबंधित विभागों से जल्द औपचारिक स्वीकृतियां लेने को कहा गया।
महत्वपूर्ण फैसलों में Central Industrial Security Force की तैनाती के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई, जिससे लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
बैठक में ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने राज्य की भविष्य की ऊर्जा जरूरतों और परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की। माना जा रहा है कि इन फैसलों से उत्तराखंड में बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और ऊर्जा क्षेत्र में बड़े निवेश का रास्ता साफ होगा।



No Previous Comments found.