SIR अभियान को लेकर सख्त निर्देश, सोसायटियों-मुहल्लों में लगेंगे विशेष कैंप

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 21 May, 2026 08:53 PM
SIR अभियान को लेकर सख्त निर्देश, सोसायटियों-मुहल्लों में लगेंगे विशेष कैंप

देहरादून। आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर. सी. पुरुषोत्तम ने गुरुवार को सचिवालय में सभी जनपदों के जिलाधिकारियों, ईआरओ और एईआरओ के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में SIR की तैयारियों, प्रशिक्षण और बूथ स्तर पर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया।


मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन जनपदों में बूथ लेवल एजेंट (BLA) की तैनाती शत-प्रतिशत नहीं हुई है, वहां जिलाधिकारी राजनीतिक दलों के साथ पुनः बैठक कर जल्द से जल्द नियुक्ति सुनिश्चित कराएं। साथ ही जिन क्षेत्रों में BLA की तैनाती हो चुकी है, वहां उनके प्रशिक्षण की भी समुचित व्यवस्था की जाए।


बैठक में बड़ी आवासीय सोसायटियों और मुहल्लों में विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती कर रोस्टर तैयार करने को कहा गया, ताकि मतदाता पुनरीक्षण कार्य व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके।


मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी स्पष्ट निर्देश दिए कि बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर सत्यापन अभियान के दौरान अनिवार्य रूप से निर्वाचन आयोग का पहचान पत्र (आईडी कार्ड) पहनकर ही क्षेत्र में जाएं, जिससे नागरिकों में विश्वास बना रहे और अभियान पारदर्शी तरीके से संचालित हो।


बैठक में प्रशिक्षण मॉड्यूल का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया तथा सभी जनपदों से गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग, लॉजिस्टिक्स और वितरण योजना को लेकर फीडबैक भी लिया गया।


बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी तथा सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2