उत्तराखंड विधानसभा बजट सत्र में उठे स्वास्थ्य, शिक्षा और पलायन के मुद्दे: मंत्री धन सिंह रावत से संपादक उत्तर भारत प्रखर प्रकाश मिश्रा की विशेष बातचीत
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 12 Mar, 2026 09:22 PMयुगवार्ता न्यूज़ (उत्तराखंड) । उत्तराखंड चार धाम यात्रा और पहाड़ों में डॉक्टरों की कमी, सूबे के उच्च शिक्षा मंत्री एवं चिकित्सा मंत्री धन सिंह रावत से हमारे संपादक, उत्तर भारत प्रखर प्रकाश मिश्रा ने विपक्ष के पूछे सवालों पर खास बातचीत की, देखिए युगवार्ता पर एक्सक्लूसिवली। उत्तराखंड के बजट सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। युगवार्ता के संपादक उत्तर भारत प्रखर प्रकाश मिश्रा ने स्वास्थ्य, शिक्षा और पलायन जैसे विषयों पर राज्य के उच्च शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत से विस्तार से सवाल किए। बातचीत की शुरुआत पहाड़ी क्षेत्रों में डॉक्टरों की कमी और चार धाम यात्रा के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर हुई। इस पर मंत्री ने कहा कि सरकार लगातार डॉक्टरों और तकनीकी स्टाफ की नियुक्ति कर रही है और दूरदराज के अस्पतालों में आधुनिक मशीनें उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि यात्रा के समय भी पर्याप्त डॉक्टर मौजूद रहें। बातचीत के दौरान दूसरा सवाल गोल्डन कार्ड योजना को लेकर उठा। प्रखर मिश्रा ने पूछा कि क्या गोल्डन कार्ड के माध्यम से हर व्यक्ति को इलाज की सुविधा मिल पा रही है। इसके जवाब में मंत्री ने कहा कि यह योजना आम लोगों के लिए लाभकारी है और सरकार लगातार इसके दायरे को बढ़ाने का प्रयास कर रही है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सस्ती और सुलभ चिकित्सा सुविधा मिल सके। इसके बाद खाद्य मिलावट और बढ़ती बीमारियों का मुद्दा भी उठाया गया। प्रखर मिश्रा ने सवाल किया कि अगर बाजार में मिलावटी खाद्य पदार्थ मिलते हैं और उससे गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ता है, तो ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई क्यों नहीं होती ? इस पर मंत्री ने कहा कि सरकार मिलावट के खिलाफ सख्त कदम उठाने के पक्ष में है और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें लाइसेंस रद्द करने जैसी कार्रवाई भी शामिल हो सकती है। बातचीत के दौरान लखपति दीदी योजना, शिक्षा व्यवस्था और पहाड़ों से हो रहे पलायन पर भी चर्चा हुई। विपक्ष की ओर से यह सवाल उठाया गया कि कई स्कूल बंद किए गए हैं, जिस पर मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है और बच्चों को बेहतर सुविधाएं देना है। उन्होंने सहकारिता और कृषि से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से पहाड़ों में रोजगार के अवसर बढ़ाने की बात भी कही, ताकि रिवर्स पलायन को बढ़ावा मिल सके। अंत में बदरीनाथ, केदारनाथ और अल्मोड़ा में बन रहे अस्पतालों और डॉक्टरों के राज्य छोड़कर जाने के मुद्दे पर भी सवाल किया गया। मंत्री ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और आने वाले समय में अस्पतालों और डॉक्टरों की उपलब्धता को और बेहतर बनाने की दिशा में काम जारी रहेगा।


No Previous Comments found.