IIT रुड़की और उत्तराखंड स्पेस एप्लीकेशन सेंटर के बीच एमओयू, अंतरिक्ष विज्ञान व जियोस्पेशियल तकनीक को मिलेगा बढ़ावा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 20 Apr, 2026 08:24 PMदेहरादून, 20 अप्रैल 2026: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (IIT Roorkee) और उत्तराखंड स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (USAC) के बीच अंतरिक्ष विज्ञान एवं जियोस्पेशियल अनुप्रयोगों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस समझौते का उद्देश्य अकादमिक, वैज्ञानिक और अनुसंधान सहयोग को मजबूत करना है।
आईआईटी रुड़की परिसर में हुए कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत और यूएसएसी के निदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर सेंटर फॉर स्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी के प्रमुख प्रो. संजय एच. उपाध्याय और डॉ. प्रियदर्शी उपाध्याय भी मौजूद रहे।
इस समझौते के तहत दोनों संस्थान तीन प्रमुख क्षेत्रों—अकादमिक एवं अनुसंधान सहयोग, एम.टेक और पीएचडी छात्रों का संयुक्त मार्गदर्शन तथा सेमिनार, सम्मेलन और कार्यशालाओं के संयुक्त आयोजन—पर कार्य करेंगे।
संयुक्त शोध परियोजनाओं में अंतरिक्ष अनुप्रयोग, जियोस्पेशियल तकनीक, जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल होंगे। साथ ही आईआईटी रुड़की के छात्रों को यूएसएसी में इंटर्नशिप, प्रोजेक्ट व शोध के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
एमओयू के तहत स्नातकोत्तर और डॉक्टोरल छात्रों को दोनों संस्थानों के विशेषज्ञों द्वारा संयुक्त मार्गदर्शन मिलेगा। इसके अलावा छात्रों को दोनों संस्थानों की प्रयोगशालाओं और अन्य सुविधाओं का उपयोग करने का अवसर भी प्राप्त होगा।
दोनों संस्थानों का मानना है कि यह साझेदारी उत्तराखंड में अंतरिक्ष विज्ञान, तकनीकी नवाचार और व्यावहारिक अनुसंधान को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगी।


No Previous Comments found.