CM धामी ने कुंभ मेला-2027 और विकास कार्यों के लिए 80.96 करोड़ रुपये की दी वित्तीय स्वीकृति
नानकमत्ता में जल निकासी और सौंदर्यीकरण के लिए 96 लाख रुपये स्वीकृत; कुंभ मेला-2027 के कार्यों के लिए पहले चरण में 80 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 8 Aug, 2026 10:20 PMदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विकास योजनाओं के साथ-साथ कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए कुल 80.96 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति को मंजूरी दी है। इसमें उधमसिंह नगर जिले के नानकमत्ता विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए 96 लाख रुपये तथा कुंभ मेला-2027 के कार्यों के लिए 80 करोड़ रुपये शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने उधमसिंह नगर के नानकमत्ता नगर पंचायत क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था में सुधार और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों के लिए 96 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इस राशि से क्षेत्र में जल निकासी से जुड़ी समस्याओं के समाधान और नगर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्य किए जाएंगे।
कुंभ मेला-2027 के लिए 80 करोड़ रुपये की पहली किस्त
शहरी विकास विभाग के अंतर्गत कुंभ मेला-2027 से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए कुल 175 करोड़ रुपये के सापेक्ष प्रथम चरण में 80 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का मुख्यमंत्री ने अनुमोदन प्रदान किया है।
कुंभ मेला-2027 को देखते हुए राज्य सरकार की ओर से आधारभूत सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। प्रथम चरण में स्वीकृत धनराशि से प्रस्तावित कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा है कि राज्य सरकार विकास योजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के साथ ही आगामी कुंभ मेले के लिए आवश्यक तैयारियों को भी प्राथमिकता के साथ पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।



No Previous Comments found.