6 माह में दिखे जमीनी प्रगति, गंगा-शारदा कॉरिडोर कार्यों में तेजी लाएं अधिकारी : धामी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 8 Apr, 2026 05:05 PM
6 माह में दिखे जमीनी प्रगति, गंगा-शारदा कॉरिडोर कार्यों में तेजी लाएं अधिकारी : धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राज्य की प्रमुख अवसंरचनात्मक परियोजनाओं में आगामी छह माह के भीतर जमीनी स्तर पर ठोस प्रगति दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर और ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर जैसे महत्त्वपूर्ण प्रोजेक्ट राज्य के विकास, पर्यटन और आर्थिकी को नई दिशा देंगे, इसलिए इन्हें प्राथमिकता के आधार पर तेजी से आगे बढ़ाया जाए।


मुख्यमंत्री ने बुधवार को उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की चौथी बैठक में इन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं के लिए स्पष्ट टाइमलाइन तय की जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण किए जाएं। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग और समीक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर देरी न हो।


धामी ने कहा कि यूआईआईडीबी का गठन राज्य में निवेश को बढ़ावा देने और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया गया है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय, गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने प्रक्रियात्मक जटिलताओं को दूर कर कार्यों को सरल बनाने पर विशेष जोर दिया, जिससे परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतर सकें।


मुख्यमंत्री ने शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर को लेकर निर्देश दिए कि भूमि उपलब्धता के साथ ही क्षेत्र की भूस्खलन संवेदनशीलता का भी वैज्ञानिक अध्ययन किया जाए और आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय प्राथमिकता से अपनाए जाएं। उन्होंने कहा कि शारदा नदी के किनारे रिवरफ्रंट विकास और घाटों के सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।


बैठक में आगामी हरिद्वार कुंभ को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने गंगोत्री से हरिद्वार तक गंगा की स्वच्छता सुनिश्चित करने के साथ हरिद्वार और ऋषिकेश के घाटों के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि गंगा और शारदा कॉरिडोर परियोजनाओं का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय रोजगार के अवसर सृजित करना और राज्य को निवेश के लिए आकर्षक बनाना है। दोनों परियोजनाओं में अलग-अलग डिजाइन के तहत कार्य किए जाएंगे, जिनमें बुनियादी ढांचे के विकास के साथ पर्यटन और स्थानीय आर्थिकी को मजबूती देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।


उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे उत्तराखंड के समग्र विकास को गति मिल सके।


बैठक में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण परिषद् विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2