15 जून तक जारी हों सभी लंबित शासनादेश: मुख्यमंत्री धामी
सीएम घोषणाओं की समीक्षा में अधिकारियों को सख्त निर्देश, हर ब्लॉक में बालिका छात्रावास और धार्मिक सर्किट विकसित करने की योजना
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 2 May, 2026 07:01 PMदेहरादून:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित जिन प्रस्तावों के शासनादेश अभी तक जारी नहीं हुए हैं, उन्हें हर हाल में 15 जून 2026 तक जारी किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि सभी घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और कार्यों की प्रभावी निगरानी के लिए पीईआरटी (PERT) चार्ट तैयार किया जाए।
सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री यमकेश्वर, पौड़ी, श्रीनगर, चौबट्टाखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी घोषणाओं की प्रगति का जायजा ले रहे थे।
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सेवाओं, वनाग्नि और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी समस्याओं का विभागीय स्तर पर शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।
हर ब्लॉक में बनेगा बालिका छात्रावास
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य के प्रत्येक विकासखंड में बालिकाओं के लिए छात्रावास स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए छात्राओं की अधिक संख्या वाले विद्यालयों को चिन्हित कर भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
धार्मिक सर्किट के रूप में होगा विकास
मुख्यमंत्री ने रघुनाथ मंदिर, कोट ब्लॉक स्थित लक्ष्मण मंदिर और फलस्वाड़ी स्थित सीता माता मंदिर को जोड़ते हुए एक भव्य धार्मिक सर्किट विकसित करने के निर्देश दिए।
शिक्षा और युवाओं के लिए पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय खोलने के प्रस्तावों पर तेजी से कार्य किया जाए और केंद्र सरकार के मानकों के अनुरूप प्रस्ताव भेजे जाएं। साथ ही, पौड़ी में युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु मल्टीपरपज हॉल बनाने के निर्देश भी दिए गए।
रोपवे, पार्किंग और सोलर ऊर्जा पर फोकस
उन्होंने रोपवे परियोजनाओं की अलग से समीक्षा करने, पार्किंग समस्याओं के समाधान और सरकारी कार्यालयों में सोलर पैनल लगाने पर भी जोर दिया।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, विधायक रेनू बिष्ट, राजकुमार पोरी, दलीप सिंह रावत, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।


No Previous Comments found.