14 महिलाओं को तीलू रौतेली और 35 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को राज्य स्तरीय सम्मान, बढ़ाई गई पुरस्कार राशि
मुख्यमंत्री धामी और मंत्री रेखा आर्या ने विजेताओं को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न किए प्रदान, 51-51 हजार रुपये की सम्मान राशि डीबीटी से खातों में भेजी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 8 Aug, 2026 10:12 PMदेहरादून, 8 अगस्त। वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती के अवसर पर शनिवार को मुख्यमंत्री सेवक सदन, गढ़ी कैंट में राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली पुरस्कार (2025-26) एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री पुरस्कार (2025-26) समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रदेश की 14 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार तथा 35 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने पुरस्कार विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए। सभी पुरस्कार विजेताओं को 51-51 हजार रुपये की सम्मान राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी गई।
महिलाओं की उपलब्धियां समाज के लिए प्रेरणादायी: धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुरस्कार प्राप्त करने वाली सभी महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि सम्मानित महिलाएं उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश की नारी शक्ति के लिए प्रेरणादायी उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को सशक्त, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की प्रतिभा और उनके योगदान को सम्मान देने के साथ ही उन्हें आगे बढ़ने के लिए आवश्यक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां और महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन कर रही हैं।
तीलू रौतेली सम्मान महिलाओं के योगदान की पहचान: रेखा आर्या
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि वीरांगना तीलू रौतेली के जन्मदिवस पर प्रदान किया जाने वाला यह सम्मान उन महिलाओं और बेटियों के योगदान को पहचान देने का माध्यम है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ इच्छाशक्ति से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, खेल, कला-क्राफ्ट, समाज सेवा, कृषि समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं प्रदेश का गौरव हैं और दूसरी महिलाओं एवं बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका अहम
रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां कुपोषण उन्मूलन, पोषण ट्रैकर के संचालन तथा स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि 51 हजार रुपये की सम्मान राशि के साथ प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान करना उनकी निष्ठा, मेहनत और समाज के प्रति समर्पण का सम्मान है।
तीलू रौतेली पुरस्कार की राशि अब 75 हजार रुपये
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों पुरस्कारों की सम्मान राशि बढ़ाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तीलू रौतेली पुरस्कार की राशि 51 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये की जाएगी।
इसी तरह उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार की राशि 51 हजार रुपये से बढ़ाकर 61 हजार रुपये करने की घोषणा भी की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरस्कार राशि में यह वृद्धि प्रदेश की मातृशक्ति के योगदान, सेवा और समर्पण के प्रति सरकार के सम्मान को दर्शाती है।
ये रहे मौजूद
समारोह में कैबिनेट मंत्री खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव चंद्रेश कुमार समेत विभागीय अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



No Previous Comments found.