12 साल की उपलब्धियों पर PIB की ‘वार्ता’, केंद्र सरकार की विकास यात्रा पर मंथन
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 16 Jun, 2026 05:08 PMऋषिकेश। केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पीआईबी देहरादून द्वारा मंगलवार को ऋषिकेश में एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्ता’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा आर्थिक विकास, पर्यावरण संरक्षण, आधारभूत संरचना और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम का आयोजन ऋषिकेश स्थित रेल विकास निगम सभागार में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में Shambhu Paswan उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत “लोक सेवा ही संकल्प – 12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” विषय पर आधारित पांच पुस्तिकाओं के लोकार्पण के साथ हुई। इन पुस्तिकाओं में विकास भी विरासत भी, राष्ट्र प्रथम ही मंत्र, राष्ट्र निर्माण ही मिशन, सशक्तिकरण ही सामर्थ्य और लोक सेवा ही संकल्प जैसे विषयों से जुड़ी केंद्र सरकार की योजनाओं का विस्तृत विवरण शामिल किया गया।
मुख्य अतिथि शंभू पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी, पीएम स्वनिधि, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने उत्तराखंड में ऑल वेदर रोड परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना को राज्य के विकास के लिए ऐतिहासिक बताया।
कार्यशाला में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने भी परियोजना की प्रगति और इसके पर्यावरणीय पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। रेल विकास निगम के डीजीएम ओमप्रकाश मालगुडी ने कहा कि यह परियोजना उत्तराखंड के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और इसका निर्माण आबादी एवं पर्यावरण को न्यूनतम प्रभावित करते हुए किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक बनने वाली 16 सुरंगों का कार्य अंतिम चरण में है।
रेल विकास निगम के मुख्य भू-वैज्ञानिक विजय डंगवाल ने बताया कि हिमालय की भौगोलिक विविधताओं को ध्यान में रखते हुए रेल परियोजना का एलाइनमेंट तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि परियोजना के दौरान सुरंगों से निकलने वाले पानी को अमृत सरोवर परियोजना के तहत जल संरक्षण के लिए उपयोग किया जाएगा। इसके लिए विशेष डिजिटल मैपिंग तकनीक का भी प्रयोग किया गया है।
उत्तराखंड ग्रामीण बैंक ऋषिकेश के एचओडी (बिजनेस) रोहित बडोला ने कहा कि केंद्र सरकार की पीएम स्वनिधि और मुद्रा योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से आम व्यक्ति आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने बताया कि स्ट्रीट वेंडर्स और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को बैंकिंग व्यवस्था के जरिए आसानी से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देकर लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है।
पत्र सूचना कार्यालय देहरादून के मीडिया एवं संचार अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया और दूरदराज क्षेत्रों में कार्यरत संवाददाताओं के साथ समन्वय स्थापित कर सरकार की योजनाओं की सटीक, प्रामाणिक और विश्वसनीय जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, वरिष्ठ अधिकारियों और पत्रकारों ने भाग लेते हुए विकासात्मक पत्रकारिता की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।



No Previous Comments found.