उत्तराखंड में SIR की तैयारी तेज, 87% मतदाताओं की मैपिंग पूरी; अप्रैल से शुरू होगा विशेष गहन पुनरीक्षण
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 16 Mar, 2026 07:44 PMदेहरादून। उत्तराखंड में आगामी अप्रैल माह में प्रस्तावित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision–SIR) की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम की पहल पर निर्वाचन विभाग राजस्थान की टीम ने देहरादून पहुंचकर अपने अनुभव साझा किए और SIR के सफल संचालन के महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
सोमवार को देहरादून में आयोजित बैठक में राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने हाल ही में राजस्थान में संपन्न SIR प्रक्रिया को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने मैपिंग, डाटा सत्यापन और समयबद्ध कार्यप्रणाली से जुड़े कई व्यावहारिक अनुभव साझा किए, जिससे उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को और सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि उत्तराखंड में अब तक 87 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। जिन बूथों पर मैपिंग की गति धीमी है, वहां के संबंधित अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत मैपिंग होने से विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को प्रभावी और पारदर्शी ढंग से पूरा किया जा सकेगा।
इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्रा, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, राजस्थान के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी एमएम तिवारी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी एनके मीणा तथा देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित सभी जनपदों के डिप्टी डीईओ/अपर जिला अधिकारी, नेशनल लेवल मास्टर ट्रेनर्स (NLMT) और स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर्स (SLMT) भी उपस्थित रहे।
निर्वाचन विभाग के अनुसार प्रदेश में अप्रैल माह से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू किया जाएगा, जिसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।


No Previous Comments found.